इंदौर में लता अलंकरण समारोह: केएस चित्रा और संगीतकार उत्तम सिंह को राष्ट्रीय सम्मान, CM बोले-फिल्म को चलाने की गारंटी थी लता
इंदौर में आयोजित लता अलंकरण समारोह में प्रसिद्ध गायिका केएस चित्रा और अनुभवी संगीतकार उत्तम सिंह को राष्ट्रीय लता अलंकरण से सम्मानित किया गया।
MP News: इंदौर में आयोजित लता अलंकरण समारोह में प्रसिद्ध गायिका केएस चित्रा और अनुभवी संगीतकार उत्तम सिंह को राष्ट्रीय लता अलंकरण से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव शामिल हुए, उन्होंने दोनों कलाकारों को सम्मानित किया।
सीएम बोले-लता मंगेशकर एक अद्वितीय गायिका
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि लता मंगेशकर एक अद्वितीय गायिका थीं। उनके जीवन में कई उतार-चढ़ाव आए, लेकिन उन्होंने अपनी मधुर आवाज और मेहनत से भारतीय सिनेमा को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। उन्होंने कहा, "हमने सरस्वती को नहीं देखा, पर लता जी की आवाज सुनकर यह महसूस होता है कि वीणावादिनी की आवाज कैसी होगी।" CM ने कहा कि लता जी ने अपने करियर में गायकों के लिए रॉयल्टी की लड़ाई लड़ी और संगीत उद्योग में एक नया मापदंड स्थापित किया।
आज 'भारत रत्न' स्वर कोकिला लता मंगेशकर जी की जयंती के अवसर पर उनकी जन्म स्थली इंदौर में "राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान" अलंकरण समारोह एवं "संगीत संध्या" कार्यक्रम में सहभागिता कर स्वर सम्राज्ञी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) September 28, 2024
इस अवसर पर गीत-संगीत के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने… pic.twitter.com/cQn654Ex3v
संगीतकार उत्तम सिंह ने साझा किया अनुभव
संगीतकार उत्तम सिंह ने समारोह के दौरान लता जी के साथ काम करने के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि 1986 में फिल्म 'मैंने प्यार किया' के गाने रिकॉर्ड हो रहे थे और यूनिट के कई सदस्यों की इच्छा थी कि लता जी से गवाया जाए। हालांकि, निर्देशक को यकीन नहीं था कि लता जी इतने वर्षों के बाद गाएंगी। लेकिन जब उत्तम सिंह ने उनसे अनुरोध किया, तो उन्होंने शर्त रखी कि वे उन्हें रिकॉर्डिंग स्टूडियो से लाने और छोड़ने आएं।
केएस चित्रा ने कहा- संगीत की धरोहर थीं लता दीदी
केएस चित्रा ने कहा कि लता अलंकरण पुरस्कार पाकर वे बेहद गर्वित महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा, "लता जी की आवाज में जो सहजता, गहराई और भावनाएं थीं, वह अद्वितीय हैं। उनकी आवाज भारतीय संगीत की धरोहर है।" इस खास मौके पर केएस चित्रा ने लता जी के कुछ प्रसिद्ध गीत भी गाए, जिससे वहां मौजूद श्रोतागण भावविभोर हो गए।
इंदौर में आयोजित राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान अलंकरण समारोह एवं संगीत संध्या#Indore#LataMangeshkar https://t.co/TguDShIXiW
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) September 28, 2024
इंदौर है लता मंगेशकर की जन्मभूमि
संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने लता मंगेशकर के योगदान को याद करते हुए कहा कि वे किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं। छह दशकों तक लता जी की आवाज देशवासियों की पहली पसंद रही है। यह समारोह लता जी के प्रति सम्मान और आदर का प्रतीक है।