MP Politics News: कमलनाथ बोले-400 पार का शोर मचाने वाले अब सोच रहे कैसे होगा बेड़ा पार, क्योंकि झूठ की कैसेट घिस गई

MP Politics News: पूर्व मुख्यंमंत्री कमलनाथ ने भाजपा पर निशाना साधा। कमलनाथ ने एक्स पर लिखा है कि 400 पार का शोर मचा रहे थे। मतदाता अब भाजपा की झूठ मशीन से बोर हो गए हैं। झूठ की कैसेट इतनी बार बज चुकी है कि झूठ भी घिस गया है।

Updated On 2024-05-11 16:39:00 IST
कमलनाथ ने कहा-कांग्रेस पार्टी बीजेपी के मंसूबे सफल नहीं होने देगी।

MP Politics News: पूर्व मुख्यंमंत्री कमलनाथ ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। कमलनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा है कि देश का लोकसभा चुनाव निर्णायक दौर में पहुंच चुका है। जो लोग चुनाव की शुरुआत में 400 पार का शोर मचा रहे थे, अब वे सोच रहे हैं-कैसे होगा बेड़ा पार, क्योंकि सामने है जनता के गुस्से की मजधार।

जनता का वोट कांग्रेस की जीत की गारंटी 
कमलनाथ ने आगे लिखा है कि भारत के मतदाता अब भाजपा की झूठ मशीन से बोर हो गए हैं। झूठ की यह कैसेट इतनी बार बज चुकी है कि झूठ भी घिस गया है। दूसरी तरफ कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के प्रति जनता में जबरदस्त उत्साह है। कांग्रेस के पंच न्याय ने जनता में नई आशा का संचार किया है। यही आशा अब विश्वास में बदल गई है। और यह विश्वास वोट में बदलने वाला है। जनता का वोट कांग्रेस की जीत की गारंटी है। हाथ बदलेगा हालात।

भाजपा खुद भटक गई है 
कमलनाथ लगातार भाजपा पर हमला बोल रहे हैं। दो दिन पहले पूर्व सीएम ने एक्स पर लिखा था कि भाजपा शुरू से इस चुनाव को मुद्दों से भटकाने की कोशिश कर रही थी लेकिन भटकाते-भटकाते अब ख़ुद ही भटक गई है। इस लोकसभा चुनाव में जनता का मानस अब स्पष्ट बन चुका है। इंडिया के लोग इंडिया गठबंधन को सत्ता की चाभी सौंपने वाले हैं।

गुमराह पार्टी से देश की रक्षा के लिए नागरिक तैयार 
कमलनाथ ने लिखा था कि भाजपा का नेतृत्व देश के किसान, नौजवान, महिलाओं, सरकारी कर्मचारी, दलित, पिछड़े, आदिवासी, अल्पसंख्यक या किसी वर्ग के बारे में कोई भी नीति नीयत स्पष्ट नहीं कर पा रहा है। ऐसी गुमराह पार्टी से देश की रक्षा करने के लिए भारत के नागरिक तैयार हैं। 

Similar News