BSP List Lok Sabha Chunav 2024: बसपा ने मध्यप्रदेश में 7 सीटों पर उतारे अपने उम्मीदवार, जानें किसे, कहां से मिला टिकट

BSP List Lok Sabha Chunav: बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने गुरुवार को लोकसभा चुनाव के लिए मध्य प्रदेश में पहली लिस्ट जारी की। इस लिस्ट में 7 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं। जानिए किसे कहां से मिला टिकट?

Updated On 2024-03-21 20:30:00 IST
BSP List

BSP List in Loksabha Chunav: लोकसभा चुनाव में बसपा (BSP) ने भी गुरुवार को अपनी लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में 7 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं। बसपा में शामिल हुए मैहर से पूर्व विधायक नारायण त्रिपाठी को सतना संसदीय क्षेत्र से टिकट मिला है। जबकि खजुराहों से कमलेश पटेल, सीधी से पूजन राम साकेत, मंडला से इंदर सिंह उइके, छिंदवाड़ा से उमाकांत बन्देवार, मंदसौर से कन्हैया लाल मालवीय सहित बैतूल से अशोक भलावी को टिकट दिया है।

लोकसभा चुनाव के बिगुल बजने के बाद सभी राजनैतिक दलों ने अपने-अपने प्रत्याशियों को मैदान में उतारकर प्रचार शुरु कर दिया है। एमपी में बीजेपी ने अपने सभी प्रत्याशियों को मैदान में उतार दिया है, जबकि कांग्रेस ने अभी तक केवल 10 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की है। गुरुवार को कांग्रेस की एक और सूची आने वाली है लेकिन इसी बीच बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने भी एमपी में अपने 7 प्रत्याशियों की लिस्ट जारी कर दिया। इस लिस्ट में सबसे बड़ा चर्चित नाम मैहर के पूर्व विधायक रहे नारायण त्रिपाठी शामिल हैं।

सतना में त्रिकोणीय मुकाबले की संभावना
सतना लोकसभा सीट पर नारायण त्रिपाठी का मुकाबला अब चार बार के सांसद गणेश सिंह और दो बार के विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा से होगा। सिद्धार्थ के पिता सुखलाल कुशवाहा बहुजन समाज पार्टी के सिम्बल पर 1996 में पहली बार सांसद निर्वाचित हुए थे। इसके बाद इस सीट पर लगातार भाजपा प्रत्याशी जीत रहे हैं। गणेश सिंह से पहले दो बार भाजपा के रामानंद सिंह सांसद रहे हैं। 

सतना में बसपा का मजबूत जनाधार
सतना लोकसभा क्षेत्र में बहुजन समाज पार्टी का मजबूत जनाधार है। 1996 में सुखलाल कुशवाहा 28 फीसदी वोट लेकर सांसद निर्वाचित हुए थे। 1998 में 24.31% और 1999 में 25.31% वोट लेकर बसपा कड़ी टक्कर देती रही है। हालांकि, पिछले कुछ चुनावों से बसपा कमजोर पड़ी है। पिछले चुनाव में बसपा के अच्छेलाल कुशवाहा को 9.87% वोट मिले थे। हालांकि, विधानसभा चुनाव 2023 में ज्यादातर सीटों पर 20 फीसदी से ज्यादा वोट मिले हैं।

Similar News