Bhopal Weather: भोपाल में ठंड का सितम, 5 दिन में 7 डिग्री लुढ़का पारा; राजधानी में बदला स्कूलों का समय 

Bhopal Weather: मध्यप्रदेश समेत भोपाल में अचानक ठंड बढ़ गई है। 5 दिन में रात का पारा 7 डिग्री से अधिक लुढ़क गया है। गुरुवार से स्कूलों का समय बदल जाएगा।

By :  Desk
Updated On 2024-12-11 19:10:00 IST
मध्यप्रदेश में आज से फिर गिरेगा तापमान

Bhopal Weather: मध्यप्रदेश में पिछले 2 दिनों से ठंड बढ़ गई है। राजधानी भोपाल में ठंडी हवाएं चल रही हैं। भोपाल में मंगलवार-बुधवार की रात सीजन की सबसे ठंडी रात रही। यहां न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां बीते 10 सालों में 5वां सबसे कम तापमान है। 

मौसम विभाग ने आज (बुधवार) को कोल्ड डे घोषित किया है। रात और सुबह के समय ठंड का असर सबसे ज्यादा देखा जा रहा। वहीं, ठंड के सितम से स्कूलों के समय में भी बदलाव किया गया है। भोपाल कलेक्टर ने आदेश जारी किया है। जिसके मुताबिक कोई भी स्कूल सुबह 9 से पहले कक्षाओं का संचालन नहीं कर सकती है। जिला शिक्षा अधिकारी एनके अहिरवार ने बुधवार को सरकारी और निजी स्कूलों के लिए निर्देश जारी किए हैं। गुरुवार से यह आदेश लागू होगा। 

भोपाल कलेक्टर ने जारी किया आदेश  

14 से 6.9 पर आया पारा 
भोपाल में 5 दिन में ठंड अचानक से बढ़ी। 6 दिसंबर को जहां न्यूनतम तापमान 14 डिग्री पर था तो 11 दिसंबर की रात 6.9 डिग्री पर आ गया।   

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, राजधानी भोपाल, इंदौर, उज्जैन और शाजापुर में बुधवार को कोल्ड-डे रहेगा। जबकि जबलपुर, सागर, सिवनी, सीहोर, दमोह, नरसिंहपुर, विदिशा, नर्मदापुरम, रायसेन, राजगढ़, धार और आगर-मालवा में सर्द हवाएं चलेंगी।

पचमढ़ी में 3.5 डिग्री गिरा पारा, भोपाल-इंदौर में तापमान 10 से नीचे
प्रदेश और लद्दाख में बर्फबारी और जेट स्ट्रीम हवाओं का असर मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में दिख रहा है। पचमढ़ी का पारा 3.5 डिग्री गिरकर न्यूनतम स्तर पर पहुंच गया। भोपाल-इंदौर में भी रिकॉर्ड तोड़ सर्दी पड़ रही है। सोमवार रात यहां का तापमान 7.8 डिग्री और 8.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। ग्वालियर, उज्जैन, जबलपुर में भी तापमान 10 डिग्री से कम रहा। रायसेन, राजगढ़, शाजापुर, शिवपुरी और छतरपुर में भी कड़ाके की ठंड रही।

Similar News