अंतरराष्ट्रीय जलवायु परिवर्तन सम्मेलन: भोपाल की पर्यावरणविद बेटी करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व, MP से इकलौती  

MP News: अंतरराष्ट्रीय जलवायु परिवर्तन सम्मेलन में भोपाल की बेटी और पर्यावरणविद डॉक्टर साक्षी भारद्वाज भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। साक्षी MP से इकलौती सदस्य के तौर पर चुनी गई हैं।  

Updated On 2024-11-10 22:40:00 IST
डॉ. साक्षी भारद्वाज

भोपाल( संजीव सक्सेना)। अजरबैजान के बाकू शहर में सोमवार से अंतरराष्ट्रीय जलवायु परिवर्तन सम्मेलन शुरू हो रहा है, जिसमें भोपाल की पर्यावरणविद  डॉ. साक्षी भारद्वाज भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ट्वीट कर उन्हें शुभकामनाएं दीं हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक मंच पर प्रतिनिधित्व करने की यह उपलब्धि देश के युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में आगे लाने में अहम भूमिका निभाएगी। 

उल्लेखनीय है कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कार्य करने के लिए डॉ. साक्षी को राज्य युवा पुरस्कार सम्मान से भी सम्मानित किया जा चुका है। इसके साथ ही वे भोपाल से स्वच्छता भारत के लिए भोपाल नगर निगम की ब्रांड एम्बेसडर भी हैं। डॉ. साक्षी ने 2018-2019 में 450 से भी ज्यादा अलग-अलग प्रजाति के 6000 से भी ज्यादा पौधे लगाएं हैं।

संयुक्त राष्ट्र संघ की ओर से चयन 
संयुक्त राष्ट्र संघ की ओर से भारत से इस दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय जलवायु परिवर्तन सम्मेलन के लिए देशभर से 18 लोगों का चयन किया गया है, जिसमें डॉ. साक्षी भारद्वाज मध्यप्रदेश से एकमात्र प्रतिभागी हैं। डॉ. साक्षी भारद्वाज ने बताया कि सम्मेलन में पर्यावरण को लेकर भारत के विचार, पर्यावरण संरक्षण के लिए जंगलवास के कार्य, बायोडायवर्सिटी, माइकोफोरेस्ट्री, ग्लोबल वार्मिंग, एग्री वोल्टाइक फार्मिंग विषयों पर अपनी बात रखेंगी।

Similar News