GST Reform: नरसिंहपुर में BJP ने निकाली जागरूकता रैली, मंत्री प्रहलाद पटेल ने कांग्रेस पर साधा निशाना
नरसिंहपुर में जीएसटी दरों में कटौती को लेकर भाजपा की जनजागरण रैली का आयोजन किया गया। मंत्री प्रहलाद पटेल ने व्यापारियों से मुलाकात कर जीएसटी के लाभ बताए और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।
नरसिंहपुर: जीएसटी जागरूकता रैली, व्यापारियों को फायदे बताते मंत्री प्रहलाद पटेल।
नरसिंहपुर से गणेश प्रजापति की रिपोर्ट
Narsinghpur GST Rally: मोदी सरकार द्वारा वस्तु एवं सेवा कर (GST) की दरों में की गई कमी को लेकर भारतीय जनता पार्टी ( BJP) ने बुधवार (24 सितंबर 2025) को नरसिंहपुर जागरूकता रैली निकाली। इसमें जीएसटी के फायदे व्यापारियों और आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने पोस्टर-बैनर लेकर शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए व्यापारिक प्रतिष्ठानों तक पहुंचकर व्यापारियों से संवाद किया। इस दौरान उन्हें जीएसटी में हुई दरों की कमी और उसके प्रत्यक्ष लाभों की जानकारी दी गई।
मंत्री ने व्यापारियों को मिठाई खिलाई
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री व नरसिंहपुर विधायक प्रहलाद पटेल भी शामिल हुए। उन्होंने व्यापारियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत कर मिठाई खिलाई और जीएसटी से जुड़ी नीतियों की सराहना की। कहा, जीएसटी दरों में कमी से जहां व्यापारियों का व्यवसाय सुगम होगा, वहीं आम उपभोक्ताओं को भी वस्तुएं सस्ती मिलेंगी।
कांग्रेस पर तीखा हमला
प्रहलाद पटेल ने मीडिया से चर्चा के दौरान कांग्रेस पार्टी पर हमला बोला। कहा, कांग्रेस को भ्रम फैलाने की आदत है। वह झूठ का सहारा लेकर जनता को गुमराह करना चाहती है, लेकिन अब प्रदेश की जनता कांग्रेस की बातों को कोई महत्व नहीं देती।
व्यापारियों का समर्थन
रैली में बड़ी संख्या में व्यापारी और भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। व्यापारियों ने सरकार के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि जीएसटी दरों में राहत से छोटे और मध्यम स्तर के कारोबारियों को राहत मिलेगी।