एमपी में कड़ाके की ठंड: पारा 2.5 डिग्री तक गिरा,15 जिलों में कोहरा का अलर्ट जारी

उत्तर से आ रही बर्फीली हवाओं के चलते मध्यप्रदेश में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। ठंड का असर इतना तेज है कि प्रदेश के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है।

Updated On 2026-01-17 09:49:00 IST

MP Weather Update

उत्तर से आ रही बर्फीली हवाओं के चलते मध्यप्रदेश में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। ठंड का असर इतना तेज है कि प्रदेश के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है। मंदसौर में प्रदेश का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। शनिवार सुबह प्रदेश के 15 से अधिक जिलों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहा, जिससे लोगों को सुबह के समय परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग ने शहडोल, अनूपपुर, उमरिया, कटनी और मैहर जिलों में कोल्ड वेव यानी शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी के बाद उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं ने प्रदेश में ठंड बढ़ा दी है। अगले 2 से 3 दिनों तक प्रदेश में इसी तरह तेज ठंड बने रहने की संभावना है।

सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन के अनुसार, 19 जनवरी से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) सक्रिय होगा। इसके असर से मध्यप्रदेश में बादल छाने के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश की स्थिति भी बन सकती है।

शुक्रवार और शनिवार की रात प्रदेश के कई शहरों में तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई। मंदसौर सबसे ठंडा रहा, जबकि कटनी के करौंदी में 2.7 डिग्री, शाजापुर में 3.3 डिग्री, शहडोल के कल्याणपुर में 3.5 डिग्री और प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री दर्ज किया गया। राजगढ़ में 4.5 डिग्री, उमरिया में 5.3 डिग्री, मंडला में 5.6 डिग्री, रीवा में 5.8 डिग्री और मलाजखंड में 6.1 डिग्री तापमान रहा।

बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर में न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री, भोपाल में 6 डिग्री, इंदौर में 6.2 डिग्री, उज्जैन में 7.5 डिग्री और जबलपुर में 8.8 डिग्री दर्ज किया गया। कई जिलों में घना कोहरा देखने को मिला। राजगढ़ में विजिबिलिटी 50 से 200 मीटर तक रही, जबकि भोपाल, ग्वालियर, दतिया, सतना, रीवा और खजुराहो में दृश्यता करीब 1 किलोमीटर दर्ज की गई। अन्य जिलों में भी हल्का कोहरा छाया रहा।

मौसम विभाग ने लोगों को ठंड और कोहरे को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है, खासकर सुबह और रात के समय वाहन चलाते वक्त सतर्क रहने को कहा गया है।

Tags:    

Similar News

नर्मदापुरम में सड़क हादसा: पिपरिया जा रही बस पलटी, 11 से ज्यादा यात्री घायल