MP News 21 July 2025: मध्यप्रदेश की ताजा खबरें-एक क्लिक में पढ़ें

MP News Live: मध्य प्रदेश की सोमवार (21 जुलाई) की सभी बड़ी खबरें और ब्रेकिंग न्यूज पढ़ें एक ही पोस्ट में। राजनीति, प्रशासन, अपराध, मौसम व अन्य खबरों पर नजर।

Updated On 2025-07-22 08:58:00 IST

MP News Live Today 21 July 2025

MP News Live Today 21 July 2025: मध्य प्रदेश में सोमवार (21 जुलाई) को कहां क्या हुआ? जानिए राजनीति, प्रशासन, अपराध, मौसम, शिक्षा, स्वास्थ्य, ट्रांसफर लिस्ट और अन्य बड़ी खबरों का लाइव अपडेट। दिनभर की हर जरूरी जानकारी अब एक ही जगह- बिना स्क्रॉल किए, बिना गूगल किए। यह लाइव ब्लॉग मध्य प्रदेश की ताज़ा और जरूरी खबरों को संक्षेप में पेश करता है। शहर, कस्बे और गांव से जुड़ी हर जरूरी खबर, जिसके बारे में आप जानना चाहते हैं- एक क्लिक में पढ़ें। 

MP News 21 July 2025 ताज़ा अपडेट्स

Live Updates
2025-07-21 14:15 IST

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अरेरा हिल्स स्थित विधायक विश्राम गृह के पुनर्निर्माण कार्य का भूमिपूजन करते हुए पहले चरण की शुरुआत की। उन्होंने निर्देश दिए कि दूसरे चरण की तैयारी भी तुरंत शुरू की जाए। इस प्रोजेक्ट में विधायकों के लिए स्विमिंग पूल सहित अत्याधुनिक सुविधाओं वाले 102 फ्लैट बनाए जाएंगे, जिन पर लगभग 159 करोड़ रुपए खर्च होंगे। करीब 66 साल पुराने रेस्ट हाउस की जगह बनने वाले ये नए आवास तकनीक, सुरक्षा और ऊर्जा की दृष्टि से पूरी तरह आधुनिक होंगे, जिससे जनप्रतिनिधियों को कार्य में सुविधा मिल सकेगी।

2025-07-21 08:01 IST

बाबा महाकाल की दूसरी सवारी
उज्जैन में आज भगवान महाकाल की दूसरी सवारी निकलेगी। चंद्रमौलेश्वर रूप में पालकी, मनमहेश रूप में हाथी पर विराजेंगे। सवारी की शुरुआत शाम 4 बजे मंदिर के सभामंडप में पूजन-अर्चन से होगी। मंदिर के मुख्य द्वार पर सशस्त्र पुलिस बल के जवान पालकी को सलामी देंगे। रामघाट पर विभिन्न प्रदेशों के लोक नृत्यों की प्रस्तुति होगी। सीएम डॉ. मोहन यादव मंदिर पहुंचकर पूजन करेंगे। वहीं भक्तों के लिए 80 क्विंटल लड्डू प्रसाद तैयार किया गया है।

2025-07-21 08:01 IST

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का दौरा कार्यक्रम 
सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल और उज्जैन में आयोजित कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे। भोपाल में वे नए विधायक विश्राम गृह के निर्माण के लिए भूमि पूजन करेंगे। इसके बाद उज्जैन में भगवान महाकाल की परंपरागत सवारी में सम्मिलित होंगे। सुबह 11 बजे वे विधायक विश्राम गृह परिसर (खंड क्रमांक 1 के सामने) में भवन निर्माण की आधारशिला रखेंगे। इसके बाद दोपहर 12:45 बजे उज्जैन के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां वे अपराह्न 3:30 बजे महाकाल सवारी में भाग लेंगे।

2025-07-21 08:01 IST

धार में कांग्रेस का 'नव संकल्प शिविर' 
धार ज़िले के मांडू क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी द्वारा दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जो 21 और 22 जुलाई को संपन्न होगा। इस शिविर में पार्टी के वरिष्ठ नेता और राजनीतिक विशेषज्ञ विधायकों के साथ चर्चा करेंगे और अपने अनुभव साझा करेंगे। नव संकल्प शिविर' नामक इस आयोजन को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सांसद राहुल गांधी वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे। इस दौरान वे विधायकों को पार्टी की विचारधारा और दिशा से अवगत कराएंगे।

2025-07-21 07:57 IST

भोपाल में टीआई ने जहर खाया, हालत गंभीर 
भोपाल के निशातपुरा थाना प्रभारी रूपेश दुबे ने खुदकुशी की कोशिश की है। रविवार रात को उन्होंने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। उनकी पत्नी उन्हें लेकर नेशनल अस्पताल पहुंची। जहां उनका इलाज किया जा रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें आईसीयू में रखा गया है। इस घटना के पीछे पारिवारिक तनाव को वजह बताया जा रहा है।

2025-07-21 07:55 IST

बाबा महाकाल के दर्शन को उमड़ी भीड़
देशभर से बड़ी संख्या में महाकाल के भक्त उज्जैन पहुंचे हैं। विश्व प्रसिद्ध बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती के बाद तड़के 2:30 बजे मंदिर के कपाट खोले गए। अब रात 10 बजे शयन आरती तक दर्शन का सिलसिला लगातार जारी रहेगा। जल से भगवान महाकाल का अभिषेक करने के बाद दूध, दही, घी, शक्कर, शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से पूजन किया गया। भगवान महाकाल का रजत चंद्र, त्रिशूल, मुकुट, आभूषण, भांग, चंदन और ड्रायफ्रूट से श्रृंगार कर भस्म अर्पित की गई। शेषनाग का रजत मुकुट, रजत की मुंडमाला और रुद्राक्ष की माला के साथ-साथ सुगंधित फूलों की माला भगवान महाकाल ने धारण की। फल और मिष्ठान का भोग अर्पित किया गया।


Tags:    

Similar News