MP News Live Today 14 July 2025: मध्यप्रदेश की ताजा खबरें-एक क्लिक में पढ़ें
MP News Live: मध्य प्रदेश की सोमवार (14 जुलाई) की सभी बड़ी खबरें और ब्रेकिंग न्यूज पढ़ें एक ही पोस्ट में। राजनीति, प्रशासन, अपराध, मौसम व अन्य खबरों पर नजर।
MP News Today
MP News Live Today 14 July 2025: मध्य प्रदेश में सोमवार (14 जुलाई) को कहां क्या हुआ? जानिए राजनीति, प्रशासन, अपराध, मौसम, शिक्षा, स्वास्थ्य, ट्रांसफर लिस्ट और अन्य बड़ी खबरों का लाइव अपडेट। दिनभर की हर जरूरी जानकारी अब एक ही जगह- बिना स्क्रॉल किए, बिना गूगल किए। यह लाइव ब्लॉग मध्य प्रदेश की ताज़ा और जरूरी खबरों को संक्षेप में पेश करता है। शहर, कस्बे और गांव से जुड़ी हर जरूरी खबर, जिसके बारे में आप जानना चाहते हैं- एक क्लिक में पढ़ें।
MP News 14 July 2025 ताज़ा अपडेट्स
भोपाल : बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने ली पहली कामकाजी बैठक
मध्य प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने सोमवार को भोपाल कार्यालय में पहली कामकाजी बैठक ली। कहा, मेरे परिवार से मैं अकेला व्यक्ति राजनीति में हूं। भाजपा परिवार ही मेरा परिवार है, हम सब मिलकर संगठन को मजबूत करें। हमारे लिए संगठन सर्वोपरि है। राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ जनसेवा ही हमारा एकमात्र लक्ष्य है। सरकार की जनहितैषी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाकर लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने भी संबोधित किया। पूरी खबर पढ़ें:
राजगढ़ में लक्ष्मण सिंह कार्यकर्ताओं से मिलेंगे
कांग्रेस के पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह कार्यकर्ताओं से बात करने के लिए सोमवार दोपहर साढ़े 12 बजे राजगढ़ पहुंच रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी किया है। इस वीडियो में उन्होंने कांग्रेस संगठन की वर्तमान स्थिति पर चिंता जताई है। लक्ष्मण सिंह ने कहा कि पिछले 20 सालों से कांग्रेस विपक्ष में है। इसका कारण पार्टी में कार्यकर्ताओं की भावनाओं की उपेक्षा है।
सीएम मोहन के विदेश दौरे का दूसरा दिन
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने सात दिवसीय विदेश दौरे पर हैं। आज उनके दौरे का दूसरा दिन है। 14 जुलाई को मुख्यमंत्री भारतीय कॉन्सुल जनरल सतीश कुमार सिवन के साथ मुलाकात करेंगे। बैठक में यूएई में भारत के व्यापारिक हितों और सहयोग की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा होगी। इसके बाद सीएम मुख्यमंत्री द इंडस एंटरप्रेन्योर्स के चेयरमैन पी.के. गुलाटी से मिलेंगे। इस मुलाकात में स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में मध्यप्रदेश की संभावनाओं को रेखांकित किया जाएगा। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ग्रू एनर्जी जैसी अग्रणी ग्रीन एनर्जी कंपनी और जैन अंतर्राष्ट्रीय व्यापार संगठन (JITO) के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे।
आज बीजेपी प्रदेश कार्यालय में बड़ी बैठक
राजधानी भोपाल में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में सोमवार को महत्वपूर्ण बैठक होगी। बैठक में संगठनात्मक कार्यों को लेकर चर्चा होगी और सभी जिला अध्यक्षों के साथ-साथ संभाग प्रभारी और बीजेपी पदाधिकारी हिस्सा लेंगे।
बाबा महाकाल का भव्य शृंगार
सावन के सोमवार पर देशभर से बड़ी संख्या में महाकाल के भक्त उज्जैन पहुंचे। तड़के 2:30 बजे मंदिर के कपाट खोले गए। इसके बाद सभा मंडप में वीरभद्र जी के कान में स्वस्ति वाचन किया गया। फिर भगवान से आज्ञा लेकर चांदी का पट खोला गया। कर्पूर आरती की। नंदी हॉल में नंदी जी का स्नान, ध्यान, पूजन किया गया। जल से भगवान महाकाल का अभिषेक करने के पश्चात दूध, दही, घी, शक्कर, शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से पूजन किया गया। भगवान महाकाल का रजत चंद्र, त्रिशूल, मुकुट और आभूषण के साथ भांग, चंदन और ड्रायफ्रूट से श्रृंगार किया गया।
आज निकलेगी सवारी
बाबा महाकाल की पहली सवारी आज निकलेगी। महाकाल मंदिर से निकलकर सवारी महाकाल रोड, गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार और कहारवाड़ी से होती हुई रामघाट पहुंचेगी। यहां शिप्रा नदी के जल से भगवान का अभिषेक और पूजन-अर्चन किया जाएगा। मंदिर के मुख्य द्वार पर सशस्त्र पुलिस बल के जवानों द्वारा पालकी में विराजित भगवान को सलामी दी जाएगी।
एमपी में ऐसा रहेगा मौसम
मध्यप्रदेश में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने सोमवार को नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी और श्योपुर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, शहडोल, सागर, रायसेन, सीहोर, शाजापुर, देवास, इंदौर, उज्जैन, रतलाम, झाबुआ, धार और अलीराजपुर में बारिश की संभावना है।