मंडला में EOW का बड़ा एक्शन: शिक्षा विभाग का DPC पत्नी संग 60 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

दोनों आरोपियों को PWD रेस्ट हाउस ले जाकर पूछताछ की जा रही है। मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में दर्ज किया गया है।

Updated On 2025-09-25 16:24:00 IST

Mandla EOW Raid

Mandla EOW Raid: मध्यप्रदेश के मंडला जिले में बड़ा भ्रष्टाचार कांड उजागर हुआ है। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने शिक्षा विभाग के जिला प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर (DPC) अरविंद विश्वकर्मा और उनकी पत्नी आरती विश्वकर्मा को 60 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

रिश्वत का खेल कैसे हुआ?

पूरा मामला विद्या निकेतन ककैया स्कूल की मान्यता नवीनीकरण से जुड़ा है। स्कूल संचालक रविकांत नंदा से डीपीसी ने ₹1.20 लाख की रिश्वत मांगी थी। स्कूल संचालक ने EOW को शिकायत दी और जाल बिछाया गया। 50 हजार रुपए पहले ही दिए जा चुके थे। 23 सितंबर को शेष 60 हजार रुपए रिलायंस पेट्रोल पंप पर मांगे गए थे।

पत्नी को बनाया ढाल

डीपीसी अरविंद विश्वकर्मा ने चालाकी दिखाते हुए खुद पैसे न लेकर अपनी पत्नी आरती विश्वकर्मा को रिश्वत का लिफाफा लेने के लिए कहा। लेकिन जैसे ही उनकी पत्नी ने लिफाफा हाथ में लिया, EOW DSP स्वर्ण जीत सिंह धामी के नेतृत्व में टीम ने दोनों को दबोच लिया। इस मामले में सहायक प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर (APC) अवधेश नारायण पांडे का नाम भी सामने आया है। स्कूल संचालक ने बताया कि उसने भी रिश्वत की मांग की थी।

भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत कार्रवाई

गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को PWD रेस्ट हाउस ले जाकर पूछताछ की जा रही है। मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में दर्ज किया गया है।

Tags:    

Similar News