मध्यप्रदेश: हेमंत खंडेलवाल बने भाजपा के नए प्रदेशाध्यक्ष, 31 साल बाद वैश्य नेता को कमान; जानें कब कौन रहा अध्यक्ष ?

Hemant khandelwal :मध्यप्रदेश भाजपा को 1964 दिन बाद नया अध्यक्ष मिला। बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने वीडी शर्मा की जगह कमान संभाली। 31 साल बाद वैश्य समाज को नेतृत्व।

By :  Desk
Updated On 2025-07-02 12:33:00 IST

हेमंत खंडेलवाल बने MP के BJP अध्यक्ष, 31 साल बाद वैश्य नेता को कमान; जानें कब कौन रहा अध्यक्ष।  

MP BJP President Hemant khandelwal : बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल को बुधवार को औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी, मध्यप्रदेश का नया प्रदेशाध्यक्ष घोषित किया गया। वे वीडी शर्मा की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे। बीजेपी ने इस नियुक्ति के साथ जातिगत और क्षेत्रीय संतुलन साधते हुए 31 वर्षों बाद वैश्य समाज के नेता को प्रदेश की कमान सौंपी है।

सुंदरलाल पटवा (मंदसौर), शिवप्रसाद चनपुरिया (जबलपुर) और लखीराम अग्रवाल (छत्तीसगढ़) ने 80-90 के दशक में भाजपा की कमान संभाली थी। अब तीन दशक बाद खंडेलवाल को प्रदेश नेतृत्व सौंपा गया है। यह नियुक्ति 2028 विधानसभा चुनावों की रणनीति का हिस्सा भी मानी जा रही है।

1964 दिन बाद मिला नया अध्यक्ष
पूर्व अध्यक्ष वीडी शर्मा ने जनवरी 2020 में कार्यभार संभाला था। अब लगभग 5.5 साल (1964 दिन) बाद नेतृत्व परिवर्तन हुआ है। हेमंत खंडेलवाल के निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा बुधवार सुबह 10:30 बजे भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में हुई।

हेमंत खंडलेवाल मध्य प्रदेश के 18वें बीजेपी अध्यक्ष, अब तक की सूची 

अध्यक्ष का नाम 

जन्म स्थान (जिला) 

कार्यकाल 

जाति

सुंदरलाल पटवा 

मंदसौर 

05.1980 से 30.11.1983 तक

 सामान्य

कैलाश जोशी 

देवास 

01.12.1983 से 31.03.1985 

सामान्य

शिवप्रसाद चेनपुरिया 

जबलपुर 

01.04.1985 से 11.01.1986 

सामान्य

सुंदरलाल पटवा 

मंदसौर 

12.01.1986 08.03.1990 

सामान्य

लखीराम अग्रवाल 

रायगढ़ 

09.03.1990 से 10.06.1994 

सामान्य

लक्ष्मीनारायण पाण्डे 

रतलाम 

14.06.1994 से 08.11.1997

 सामान्य

नंदकुमार साय 

रायगढ़ 

09.11.1997 से 11.07.2000 

ST

विक्रम वर्मा 

धार 

12.07.2000 से 26.08.2002

 ओबीसी 

कैलाश जोशी 

देवास 

27.08.2002 से 16.05.2005 

सामान्य

शिवराज सिंह चौहान 

सीहोर 

16.05.2005 से 27.02.2006 

ओबीसी

सत्यनारायण जटिया

 उज्जैन 

27.02.2006 से 21.11.2006 

SC

नरेंद्र सिंह तोमर 

ग्वालियर 

22.11.2006 से 07.05.2010

सामान्य

प्रभात झा 

ग्वालियर 

08.05.2010 से 15.12.2012 

सामान्य

नरेंद्र सिंह तोमर 

ग्वालियर 

16.12.2012 से 16.08.2014 

सामान्य

नंदकुमार चौहान 

खंडवा 

04.01.2016 18.04.2018 

सामान्य

राकेश सिंह 

जबलपुर 

18.04.2018 से 15.02.2020

 सामान्य

विष्णुदत्त (वीडी) शर्मा 

मुरैना 

15.02.2020 से 02.07.2025 

सामान्य

हेमंत खंडेलवाल 

बैतूल 

02.07.2025 वर्तमान 

सामान्य (वैश्य)

14 सामान्य, 2 ओबीसी और एक-एक SC-ST
भाजपा के गठन के बाद मध्य प्रदेश में अब तक 18 प्रदेश अध्यक्ष बने। इनमें से 14 बार सामान्य वर्ग को मौका मिला। जबकि, एक बार अनुसचित जनजाति (ST) और अनुसचित जाति (SC) और दो बार अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के नेताओं को मौका मिला है। पार्टी ने महिला नेताओं को अध्यक्ष पद की कमान कभी नहीं थी। इस बार काफी उम्मीद थी, लेकिन सहमति नहीं बन पाई। सुंदरलाल पटवा, कैलाश जोशी, नरेंद्र सिंह तोमर और वीडी शर्मा चार अध्यक्षों को दोबारा मौका मिला। 

बुंदलेखंड और बघेलखंड से नहीं बने BJP अध्यक्ष  
मध्य प्रदेश में क्षेत्रवार बात करें तो बीजेपी अध्यक्ष के तौर पर सबसे अधिक मालवा और ग्वालियर चंबल के नेताओं को महत्व मिला। ग्वालियर चंबल से 3 नेता 5 बार बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बने। जबकि, मालवा निमाड़ से 6 नेता आठ बार MP बीजेपी की कमान संभाली। इनके अलावा दो बार जबलपुर और दो बार छत्तीसगढ़ के नेतओं को जगह मिली। बुंदेलखंड और बघेलखंड के नेताओं को बीजेपी अध्यक्ष बनने का सौभाग्य नहीं मिला। हालांकि, जनसंघ के समय सतना के रामहित गुप्ता और राजकिशोर शुक्ला अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली है। 

खंडेलवाल की नियुक्ति के पीछे रणनीतिक सोच

  • वैश्य समुदाय को लंबे समय बाद संगठन की बागडोर मिली है, जिससे भाजपा को शहरी वोट बैंक साधने में मदद मिलेगी।
  • बैतूल जैसे मध्य क्षेत्र से आने वाले खंडेलवाल को नियुक्त कर क्षेत्रीय संतुलन भी साधा गया है।
  • खंडेलवाल के पिता विजय कुमार खंडेलवाल पूर्व सांसद और भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे हैं।

जिम्मेदारी सौंपते वक्त ये नेता रहे मौजूद 
इस दौरान केंद्रीय चुनाव प्रभारी धर्मेन्द्र प्रधान, प्रदेश चुनाव अधिकारी विवेक शेजवलकर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय मंत्री वीरेन्द्र खटीक, निवर्तमान अध्यक्ष वीडी शर्मा, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा सहित अन्य सीनियर नेता मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News