Gwalior accident: तेज रफ्तार कार ने ली महिंद्रा कर्मचारी की जान, पुलिस जांच में जुटी

महिंद्रा ऑटोमोबाइल कंपनी के 25 वर्षीय कर्मचारी सूरज सिंह धाकरे की अज्ञात तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से मौत हो गई।

Updated On 2025-11-14 12:18:00 IST

road accident MP

Gwalior accident ग्वालियर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। महिंद्रा ऑटोमोबाइल कंपनी के 25 वर्षीय कर्मचारी सूरज सिंह धाकरे की अज्ञात तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 7 बजे एमपीसीटी कॉलेज के पास हुआ, जब सूरज अपनी एक्टिवा से ड्यूटी पर जा रहे थे।

कैसे हुआ हादसा?

सिरोल के पृथ्वी नगर निवासी सूरज सिंह रोज की तरह शुक्रवार सुबह काम पर निकल रहे थे। घर से करीब एक किलोमीटर दूर एमपीसीटी संस्थान के खाद्य गोदाम के पास पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उनकी एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सूरज सड़क पर गिरते ही गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सूरज को जेएएच के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए और माहौल गमगीन हो गया।

CCTV फुटेज में काली कार दिखी

हादसे की जगह पर CCTV कैमरा नहीं था, लेकिन थोड़ी दूरी पर लगे कैमरों की जांच में पुलिस को एक तेज रफ्तार काली कार दिखी है। पुलिस का अनुमान है कि यही कार हादसे में शामिल हो सकती है। कार को संदेही मानते हुए पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।

घर में अकेले कमाने वाला था सूरज

परिवार के मुताबिक, सूरज घर में अकेले कमाने वाले सदस्य थे। सुबह घर से जाते समय उन्होंने जल्दी लौटने की बात कही थी। लेकिन हादसे ने परिवार की खुशियों को मात में बदल दिया। अब उनके जाने के बाद परिवार आर्थिक संकट में पड़ गया है।

पुलिस जांच में जुटी

विश्वविद्यालय थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि एक युवक को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Tags:    

Similar News