Suicide News: फ्री फायर गेम बना मौत की वजह, 14 साल के नेशनल खिलाड़ी ने की आत्महत्या
भोपाल में Free Fire गेम की लत ने 14 साल के टॉपर और नेशनल स्केटिंग खिलाड़ी की जान ले ली। दादा के अकाउंट से 28 हजार खर्च करने का खुलासा, पुलिस जांच जारी।
ऑनलाइन गेमिंग की लत बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल सकती है (प्रतीकात्मक तस्वीर-AI)
(तनीषा जैन की रिपोर्ट) भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पिपलानी इलाके में रहने वाले 14 वर्षीय छात्र अंश साहू ने ऑनलाइन गेम की लत के चलते आत्महत्या कर ली। शुरुआती जांच में सामने आया है कि अंश लोकप्रिय बैटल रॉयल गेम Free Fire का आदी था और गेम में इन-गेम आइटम खरीदने के लिए उसने अपने दादा के बैंक खाते से करीब 28 हजार रुपये खर्च कर दिए थे।
क्या है पूरा मामला?
परिजनों के मुताबिक हाल ही में अंश के नाना का निधन हुआ था। सोमवार को उनकी तेरहवीं का कार्यक्रम था, जिसमें शामिल होने के लिए पूरा परिवार ननिहाल गया था। इसी दौरान अंश की मां ने उसका मोबाइल फोन अपने पास रख लिया था।
बताया जा रहा है कि इसके बाद अंश नहाने और कपड़े बदलने की बात कहकर घर लौट आया, लेकिन फिर वापस नहीं पहुंचा।
जब काफी देर तक अंश नहीं लौटा तो माता-पिता घर पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज देने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खोला गया, जहां अंश का शव फंदे पर लटका मिला। घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
गेम के लिए दादा के अकाउंट से उड़ाए 28 हजार
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि अंश लंबे समय से ऑनलाइन गेम का आदी था। गेम में बेहतर दिखने और कैरेक्टर को ताकतवर बनाने के लिए उसने दादा के बैंक खाते से करीब 28 हजार रुपये खर्च किए।
अंश के मामा ने बताया कि शुरुआत में अंश ने पैसे खर्च करने से इनकार किया, लेकिन बैंक स्टेटमेंट सामने आने के बाद स्पष्ट हो गया कि रकम ऑनलाइन गेम में खर्च हुई थी।
परिजनों का कहना है कि इसके बाद अंश को समझाया गया था और उसने मोबाइल का इस्तेमाल भी बंद कर दिया था। परिवार को अंदाजा नहीं था कि यह मामला इतना गंभीर मोड़ ले लेगा।
नेशनल लेवल स्केटिंग प्लेयर और पढ़ाई में टॉपर
अंश सिर्फ पढ़ाई में ही नहीं, बल्कि खेल में भी बेहद प्रतिभाशाली था। वह नेशनल लेवल का स्केटिंग खिलाड़ी रह चुका था और उसके पास कई गोल्ड मेडल थे। स्कूल में भी उसका नाम हमेशा टॉपर्स की सूची में शामिल रहता था।
आत्महत्या की वजह अब भी रहस्य
पुलिस के अनुसार अंश शांत स्वभाव का और समझदार बच्चा था। परिवार या दोस्तों से किसी बड़े विवाद की जानकारी सामने नहीं आई है। मोबाइल को लेकर भी कोई गंभीर झगड़ा नहीं हुआ था।
अब तक पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है। परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मामले की जांच जारी है।