MP Crime News: गौहरगंज में मासूम से दरिंदगी का आरोपी सलमान गिरफ्तार, भागने की कोशिश में पुलिस ने मारी गोली

मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के गौहरगंज में 6 साल की मासूम से दुष्कर्म करने वाले आरोपी सलमान को पुलिस ने गुरुवार रात भोपाल से गिरफ्तार कर लिया।

Updated On 2025-11-28 09:03:00 IST

गौहरगंज में मासूम से दरिंदगी का आरोपी सलमान

Bhopal Crime: मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के गौहरगंज में 6 साल की मासूम से दुष्कर्म करने वाले आरोपी सलमान को पुलिस ने गुरुवार रात भोपाल से गिरफ्तार कर लिया। लेकिन गिरफ्तारी के कुछ ही घंटे बाद आरोपी ने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की। औबेदुल्लागंज इलाके के घने जंगल में उसने पुलिस अधिकारी की बंदूक छीनकर फायर करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने उसके पैर में गोली मारकर उसे काबू किया। घायल सलमान को तुरंत भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

गाड़ी पंक्चर हुई, इसी दौरान आरोपी ने किया हमला

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे ने बताया कि आरोपी को गौहरगंज ले जाते समय रास्ते में पुलिस की गाड़ी पंक्चर हो गई थी। दूसरी गाड़ी में बैठाने के दौरान सलमान ने एसआई श्यामराज सिंह की रायफल छीन ली और भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस को गोली चलानी पड़ी।

6 दिन बाद चाय की दुकान से धरा गया आरोपी

21 नवंबर को वारदात के बाद सलमान फरार हो गया था। पुलिस ने उस पर 30 हजार का इनाम भी घोषित किया था। छह दिन की तलाश के बाद उसे भोपाल के गांधीनगर इलाके में एक चाय की दुकान से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह जंगल के रास्तों से पैदल भोपाल पहुंचा था और वहीं छिपा हुआ था।

जगह-जगह प्रदर्शन, फांसी की मांग

मामले ने स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया था। गौहरगंज और आसपास के इलाकों में लगातार धरने-प्रदर्शन हो रहे थे। जय मां भवानी हिंदू संगठन सहित कई संगठन आरोपी को फांसी या एनकाउंटर की मांग कर रहे थे।

सीएम मोहन यादव सख्त, रायसेन एसपी हटाए गए

मामले में देरी होने पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 26 नवंबर को पीएचक्यू में हाई लेवल मीटिंग बुलाई थी। बैठक में उन्होंने चक्काजाम और विरोध प्रदर्शनों के दौरान पुलिस की कमज़ोर कार्रवाई पर नाराज़गी जताई। उसी दिन रायसेन एसपी पंकज पांडे को हटाकर मुख्यालय अटैच कर दिया गया और आशुतोष को नया एसपी बनाया गया।

मासूम बच्ची की हालत में सुधार

दुष्कर्म की शिकार बच्ची को भोपाल के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, बच्ची की तबीयत में लगातार सुधार हो रहा है।

Tags:    

Similar News