जीतू पटवारी विवादित बयान: BJP नेत्रियों का पलटवार, कहा- कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं का अपमान किया

मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के बयान पर विवाद तेज हुआ। राज्य की BJP महिला नेत्रियों ने कहा- कांग्रेस की संस्कृति महिला विरोधी, माफी की मांग की।

By :  Desk
Updated On 2025-08-27 01:13:00 IST

कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं का अपमान किया हैः संपतिया उइके, BJP नेत्रियों का पलटवार 

भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के एमपी की महिलाओं के सबसे ज्यादा शराब पीने के बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। पटवारी के बयान पर कांग्रेस को घेरते हुए भाजपा नेत्रियों ने इसे घोर निंदनीय बताया है।

एमपी शासन की मंत्री संपतिया उइके ने कहा कि जीतू पटवारी का महिला विरोधी बयान अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस की संस्कृति हमेशा महिलाओं का अपमान करने की रही है। मध्यप्रदेश में भाजपा के लिए बहना लाडली होती हैं, वहीं कांग्रेस के लिए शराबी बहना होती है। जब कांग्रेस की सरकार आई थी उस दौरान प्रदेश की बहनों के साथ कांग्रेस ने छलावा किया था।

उइके ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव महिलाओं को सम्मान देकर मुख्यधारा से जोड़ने का काम कर रहे है, वहीं कांग्रेस पार्टी और जीतू पटवारी उनका अपमान कर रहे हैं।

भाजपा महिलाओं का सम्मान करती है कांग्रेस अपमान: निर्मला भूरिया

मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि जीतू पटवारी का बयान बहुत ही शर्मनाक है। आज हरतालिका तीज हैं, बहनें निर्जला उपवास करती हैं, ऐसे समय में इस तरह का बयान देना प्रदेश की बहनों का अपमान है।

भाजपा महिलाओं का सम्मान करती है और उनके सशक्तीकरण के लिए लगातार प्रयास कर रही है, वहीं कांग्रेस उनका लगातार अपमान कर रही है। एमपी में भाजपा सरकार के कार्यक्रम कन्यापूजन से शुरू होते रहे हैं। जबकि कांग्रेस में महिलाओं को कभी तंदूर में जलाया जाता है, तो कभी आत्महत्या करने पर विवश कर दिया जाता है।

कांग्रेस की संस्कृति हमेशा महिला विरोधी: कृष्णा गौर

मंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि कांग्रेस और उसके अध्यक्ष जीतू पटवारी ने एक बार फिर अपना चाल, चरित्र और चेहरा उजागर कर दिया है। कांग्रेस की संस्कृति हमेशा से महिलाओं का अपमान करने की रही है। कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी स्वयं महिला हैं, क्या जीतू पटवारी के बयान से वह सहमत हैं। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जब तक महिलाओं से माफी नहीं मांगेंगे, उन्हें प्रदेश की बहनें कभी माफ नहीं करेंगी।

यह बहनों की संस्कृति और संस्कारों का अपमान: कविता पाटीदार

भाजपा की प्रदेश महामंत्री कविता पाटीदार ने कहा कि हरतालिका तीज के पवित्र दिन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा दिया गया बयान बेहद निंदनीय है। बहनों का अपमान करना कांग्रेस की प्रवृत्ति रही है। जीतू पटवारी हमेशा यह कहते हैं कि मध्यप्रदेश में राहुल गांधी के इशारे पर कांग्रेस पार्टी काम करती है, तो क्या आज उनके द्वारा महिला विरोधी बयान भी राहुल गांधी के इशारे पर दिया गया है।  

होश में रहकर बात करें जीतू पटवारी: माया नारोलिया

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष माया नारोलिया ने जीतू पटवारी के बयान की घोर निंदा करते हुए कहा कि उन्हें होश में रहकर बात करनी चाहिए। कांग्रेस के नेता आए दिन महिलाओं का अपमान कर रहे हैं। कांग्रेस नेताओं की अमर्यादित भाषा यह बताती है कि आपकी मानसिकता शुरू से महिला विरोधी रही है।

अभी हाल ही कांग्रेस के एक नेता ने लाडली बहनों को बोरी में बंद करने की बात कही थी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा अब प्रदेश की महिलाओं को शराबी बताया जा रहा है, जो कांग्रेस द्वारा लगातार किए जा रहे महिला अपमान की श्रृंखला में एक और कड़ी है। जीतू पटवारी अपने बयान के लिए माफी मांगें नहीं तो महिला मोर्चे की बहनें सड़कों पर उतरकर विरोध करेंगी।

प्रदेश की बहनों पर अपनी कुंठा निकाल रहे हैं जीतू पटवारी: अर्चना चिटनीस

विधायक अर्चना चिटनीस ने कहा कि देश और प्रदेश में हरतालिका तीज का पर्व मनाया जा रहा है और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने महिला विरोधी बयान देकर उन बहनों को आक्रोशित किया है। आज के दिन तो महिलाएं पानी भी नहीं पीतीं और जीतू पटवारी कह रहे हैं कि वो सबसे ज्यादा शराब पीतीं हैं। यह हमारे पूरे प्रदेश की बहन-बेटियों का अपमान है।

पटवारी माफी मांगें अन्यथा सोनिया गांधी की सहमति समझी जाएगी: रीति पाठक

विधायक रीति पाठक ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने हरतालिका तीज व्रत के दिन महिलाओं पर अपमानजनक टिप्पणी करके उनका घोर अपमान किया है। सोनिया गांधी जो परोक्ष व अपरोक्ष रूप से आज भी कांग्रेस को लीड करती हैं, क्या वे जीतू पटवारी के इस महिला विरोधी बयान से सहमत हैं।

जीतू पटवारी अपने इस बयान के लिए प्रदेश की महिलाओं से सार्वजनिक माफी मांगें नही तो उनके इस कृत्य को सोनिया गांधी की मौन सहमति समझी जाएगी। इस निंदनीय बयान के लिए जीतू पटवारी को प्रदेश की बहनों से माफी मांगनी चाहिए।

Tags:    

Similar News