2.5 लाख नौकरी, 15 नए औद्योगिक क्षेत्र: स्वतंत्रता दिवस पर CM मोहन यादव ने रखा MP के विकास विजन; जानें 10 बड़ी बातें

स्वतंत्रता दिवस पर CM मोहन यादव ने भोपाल में तिरंगा फहराया। निवेश, रोजगार, लाड़ली बहना, सस्ती बिजली और 6 बड़े हाईवे प्रोजेक्ट सहित कई घोषणाएं कीं। जानें 10 बड़ी बातें

Updated On 2025-08-15 13:17:00 IST

स्वतंत्रता दिवस: भोपाल के लाल परेड मैदान में ध्वजारोहण से पहले परेड सलामी लेते CM।   

CM Mohan 15 august Speech: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार, 15 अगस्त को 2025 को भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में तिरंगा फहराया। 79वें स्वतंत्रता दिवस पर उन्होंने प्रदेश के विकास का विस्तृत रोडमैप पेश किया। सीएम ने किसानों, युवाओं, महिलाओं, उद्योग और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कई बड़े ऐलान किए। नीचे जानिए सीएम के संबोधन की 10 बड़ी बातें।

79वें स्वतंत्रता दिवस: CM मोहन यादव की 10 बड़ी बातें 

ऑपरेशन सिंदूर और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने टंट्या मामा, रानी दुर्गावती, चंद्रशेखर आजाद और रानी लक्ष्मीबाई जैसे वीरों को याद करते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उल्लेख किया और कहा कि भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी ताकत दिखाई है।

2025 को उद्योग एवं रोजगार वर्ष घोषित

सीएम मोहन यादव ने बताया कि मध्य प्रदेश के 15 नए औद्योगिक क्षेत्रों के विकास के लिए ₹2,200 करोड़ की निवेश परियोजना प्रस्तावित है। इससे 93,000 युवाओं को रोजगार मिलने का रास्ता साफ होगा। 

2.5 लाख सरकारी नौकरियां

सीएम मोहन यादव ने अगले 5 वर्षों में 2.5 लाख सरकारी पदों पर भर्ती निकालने का ऐलान किया है। बताया कि वर्तमान में 1 लाख पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया जारी है।

किसानों को सस्ती बिजली और सोलर पंप

सीएम मोहन यादव ने बताया कि मध्य प्रदेश में किसानों को ₹5 में स्थायी बिजली कनेक्शन दिया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य 3 वर्षों में 32 लाख सोलर पंप उपलब्ध कराने का है। इससे बिजली बिल में राहत मिलेगी।

लाड़ली बहना योजना में बढ़ोतरी

सीएम मोहन यादव ने कहा, नवंबर से लाड़ली बहना योजना की राशि ₹1,250 से बढ़ाकर ₹1,500 प्रतिमाह की जाएगी। इससे 1.26 करोड़ महिलाओं और उनके परिवारों को आर्थिक मजबूती मिलेगी।

शिक्षा में नए संस्थान और डिजिटल सुविधाएं

सीएम मोहन यादव ने बताया कि 55 जिलों में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शुरू किए गए हैंं। 89,000 से अधिक मेधावी छात्रों को ₹224 करोड़ की लैपटॉप सहायता और योग्य विद्यार्थियों को नि:शुल्क स्कूटी दी गई हैं।

गंगोत्री हरित योजना

सीएम मोहन यादव ने बताया, लगभग 100 नदियों के उद्गम स्थलों पर 2.5 लाख पौधों का रोपण ₹42 करोड़ की लागत से किया जाएगा। इससे जल और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। किसानों को भी फायदा होगा। 

पर्यटन और सांस्कृतिक परियोजनाएं

सीएम मोहन यादव ने बताया कि श्रीराम वन गमन पथ, श्रीकृष्ण पाथेय और सिंहस्थ-2028 जैसे प्रोजेक्ट से धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। रोजगार, व्यापार और उद्योग के नए अवसर बढ़ेंगे।  

बड़े बुनियादी ढांचा प्रोजेक्ट

सीएम मोहन यादव ने कहा, नर्मदा प्रगति पथ, विंध्य एक्सप्रेसवे और बुंदेलखंड विकास पथ सहित 6 मेगा रोड प्रोजेक्ट प्रस्तावित हैं। मध्य प्रदेश में 1 लाख किमी सड़क और 500 फ्लाईओवर व रेल ओवरब्रिज का निर्माण होगा।

नवीकरणीय ऊर्जा और निवेश लक्ष्य

सीएम मोहन यादव ने बताया कि GIS-2025 में ₹5.75 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनसे 1.85 लाख रोजगार मिलेंगे। 2030 तक 50% ऊर्जा अक्षय स्रोतों से प्राप्त करने का लक्ष्य है।

Tags:    

Similar News