नर्स वर्षा लोधी की एक्सीडेंट में मौत: शादी के 6 महीने बाद सड़क हादसे में गई जान, आरोपी मोबाइल और पर्स लेकर फरार
वर्षा लोधी भोपाल के अयोध्या नगर स्थित मां हॉस्पिटल में बतौर नर्स कार्यरत थीं। दीपावली की छुट्टियों में वे अपने मायके कांप गांव, विदिशा आई थीं।
Accident
मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में हुई एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने सबको झकझोर कर रख दिया। भोपाल की 25 वर्षीय नर्स वर्षा लोधी की इलाज के दौरान बुधवार सुबह हमीदिया अस्पताल में मौत हो गई। हादसा रविवार को हुआ था, जब वह अपने पति के साथ मायके से ससुराल जा रही थी।
वर्षा की शादी को सिर्फ 6 महीने ही हुए थे। जानकारी के मुताबिक, उनके पति राज बाइक चला रहे थे जब पीछे से एक लोडिंग पिकअप वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर में वर्षा गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि उनके पति को मामूली चोट आई।
आरोपी चालक मोबाइल और पर्स लेकर फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद वही वाहन चालक जिसने बाइक को टक्कर मारी थी, वर्षा का मोबाइल और हैंडबैग लेकर मौके से फरार हो गया। बैग में ₹5000 से अधिक नकद और ज्वैलरी रखी हुई थी। परिजनों ने बताया कि वर्षा का मोबाइल अब तक नहीं मिला है और पुलिस विदिशा देहात थाना में मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
भोपाल में नर्स थीं
वर्षा लोधी भोपाल के अयोध्या नगर स्थित मां हॉस्पिटल में बतौर नर्स कार्यरत थीं। दीपावली की छुट्टियों में वे अपने मायके कांप गांव, विदिशा आई थीं। रविवार को उनके पति राज उन्हें लेने पहुंचे थे और दोनों दोपहर में ससुराल लौट रहे थे। घर से करीब 8 किलोमीटर दूरी पर यह हादसा हुआ।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि वर्षा के सिर में गंभीर चोट आई। पहले उन्हें विदिशा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने भोपाल के हमीदिया हॉस्पिटल रेफर किया। इलाज के दौरान बुधवार सुबह वर्षा ने दम तोड़ दिया।
पहले भी हुआ था हादसा
परिजनों ने बताया कि वर्षा के साथ यह दूसरा बड़ा हादसा था। शादी के बाद जब पति पहली बार उसे मायके से ससुराल लेकर जा रहे थे, तब भी उनकी बाइक सड़क दुर्घटना का शिकार हुई थी। उस समय वर्षा के पैर में फ्रैक्चर हुआ था और सिर में भी चोट आई थी। लेकिन इस बार किस्मत ने साथ नहीं दिया और छह महीने बाद दूसरा हादसा उनकी जान ले गया।
चश्मदीद का खुलासा
हादसे के पीछे की वजह को लेकर एक चश्मदीद ने बताया कि जिस वाहन ने टक्कर मारी, उसका चालक नींद में था। पीछे चल रहे वाहन चालक ने इस पूरे हादसे का वीडियो भी बनाया, जिसमें साफ दिख रहा है कि चालक का संतुलन बिगड़ने से यह टक्कर हुई।