भिंड में लिए खूनी संघर्ष: रानीपुरा गांव में धारदार हथियार से हमला, चाचा-भतीजी लहूलुहान

भिंड के रानीपुरा गांव में जमीनी विवाद को लेकर हिंसक झड़प। धारदार हथियार से हमले में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जानें ताजा अपडेट

Updated On 2025-09-24 11:48:00 IST

भिंड जिला चिकित्सालय में उपचार के लिए पहुंचे रानीपुरा के बृजमोहन सिंह व अन्य। 

मध्य प्रदेश के भिंड जिले में पुरानी जमीनी रंजिश ने खूनी मोड़ ले लिया। फूप थाना क्षेत्र अंतर्गत रानीपुरा गांव में दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर रास्ते में घेरकर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में एक बच्ची समेत दो लोगों को गंभीर चोंटे आई हैं। दोनों जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रानीपुरा गांव निवासी पंचम सिंह और बृजमोहन सिंह के बीच लंबे समय से जमीनी विवाद चला आ रहा था। सोमवार (22 सितंबर) को बृजमोहन सिंह अपनी भतीजी के साथ भिंड से वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में पंचम सिंह और उनके परिजनों से आमना-सामना हो गया। मौका देखकर पंचम सिंह व उनके परिजनों ने बृजमोहन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

दिव्या सिंह ने बताया हम गांव जा रहे थे

बृजमोहन सिंह की भतीजी दिव्या सिंह ने बताया कि चाचा के साथ हम गांव जा रहे थे, तभी रास्ते में पंचम सिंह अपने परिजनों के साथ मिल गए। वह लोग हमसे विवाद करने लगे। विरोध करने पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। जिससे गंभीर चोंटें आई है। 

जमीन को लेकर है झगड़ा

बृजमोहन सिंह ने बताया कि पंचम सिंह के परिवार से हमारा जमीन को लेकर झगड़ा है। पहले भी कई बार छोटे मोटे विवाद होते रहे हैं, लेकिन अब उन्होंने इस तरह से जानलेवा हमला कर दिया।   

गंभीर घायल, इलाज जारी

हमले में बृजमोहन सिंह को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल भिंड जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, बृजमोहन की हालत फिलहाल स्थिर है लेकिन चोटें गहरी हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही फूप थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हमले के पीछे पुराना जमीनी विवाद ही मुख्य कारण प्रतीत होता है। मामले में जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट: शुभम जैन, INH हरिभूमि, भिंड 

Tags:    

Similar News