भारत मार्ट प्रोजेक्ट: CM मोहन यादव ने क्यों बताया इंटरनेशनल ट्रेड का गेटवे ? दुबई में मंथन

दुबई में मुख्यमंत्री मोहन यादव और डीपी वर्ल्ड अधिकारियों की भारत मार्ट को लेकर अहम बैठक। यह प्रोजेक्ट 2026 से भारत के एमएसएमई को वैश्विक बाजार से जोड़ेगा। जानिए विस्तार से।

Updated On 2025-07-15 22:33:00 IST

भारत मार्ट: दुबई में CM मोहन यादव की DP World से अहम बैठक, MSME को मिलेगा वैश्विक मंच

Bharat Mart Project : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दुबई यात्रा पर हैं। अपनी इस यात्रा के तीसरे दिन मंगलवार 15 जुलाई को उन्होंने डीपी वर्ल्ड और जेबेल अली फ्री ज़ोन (JAFZA) के सीनियर अधिकारियों से भारत मार्ट परियोजना पर गहन चर्चा की। यह परियोजना भारतीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSMEs) को दुबई के ज़रिए वैश्विक बाजार से जोड़ने का माध्यम मानी जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने 2024 में इसका शिलान्यास किया था।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भारत मार्ट प्रोजेक्ट को वैश्विक व्यापार का प्रवेश द्वार बताया। कहा, यह परियोजना भारत के हस्तशिल्प, खाद्य प्रसंस्करण और कृषि उत्पादों को मध्य पूर्व, अफ्रीका और यूरोप तक पहुँचाने में मददगार साबित होगी।

क्या है भारत मार्ट परियोजना?

  • भारत मार्ट परियोजना मोदी सरकार का अतिमहत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है। दुबई के जेबेल अली फ्री ज़ोन में 27 लाख वर्ग फुट क्षेत्रफल में इसे डेवलप किया जा रहा है। इसमें 1,500 से अधिक इंटरनेशनल स्टैंडर्ड के शोरूम, अत्याधुनिक वेयरहाउसिंग, ऑफिस स्पेस के अलावा लॉजिस्टिक्स सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
  • भारत मार्ट का निर्माण दुनिया का दिग्गज लॉजिस्टिक्स ग्रुप DP World द्वारा कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने फरवरी 2024 को संयुक्त रूप से इसकी आधारशिला रखी थी। 2026 में शुरू होने की उम्मीद है।

वोकल से ग्लोबल नीति को बढ़ावा  

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बताया कि भारत मार्ट सिर्फ कॉमर्शियल स्पेस नहीं, बल्कि निर्यात दृष्टिकोण में क्रांतिकारी बदलाव लाने वाली पहल है। यह प्रोजेक्ट मध्य प्रदेश को वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला का प्रमुख हिस्सा बनाएगा।

मध्यप्रदेश की लॉजिस्टिक्स कनेक्टिविटी पर चर्चा

बैठक में उज्जैन-नागदा रेलमार्ग, मप्र में डीपी वर्ल्ड रेल टर्मिनल और लॉजिस्टिक्स पार्क के निर्माण पर भी चर्चा हुई। सीएम मोहन यादव ने बताया कि यह प्रयास भारत मार्ट को सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित कराने में मददगार साबित होंगे। मध्यप्रदेश के निर्यातकों को तेज़, सुरक्षित और किफ़ायती अंतरराष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स सुविधा मिलेगी।

Tags:    

Similar News