Anganwadi Protest: आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने खोला मोर्चा, सतना में जोरदार प्रदर्शन; जानें उनकी प्रमुख मांगें
मध्यप्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को श्रमिक सूची में शामिल किए जाने की मांग तेज। बुलंद आवाज संगठन ने बुधवार को ज्ञापन सौंपा। जानें प्रमुख मांगें
Anganwadi Protest Satna
Anganwadi Protest Satna : मध्यप्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने लंबित मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया। बुधवार, 9 जुलाई को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को श्रमिक सूची में शामिल किए जाने की मांग की। बुलंद आवाज नारी शक्ति आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संगठन की जिला इकाई सतना में यह ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर बीके मिश्रा को सौंपा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन की जिला अध्यक्ष अंजू सिंह बघेल, प्रांतीय महासचिव के निर्देश पर जिला सचिव सुषमा श्रीवास्तव, सहसचिव अनीता तिवारी, संरक्षक एसडी निगम, तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष विकल्प गौतम भी मौजूद रहे।
क्या है प्रमुख मांगें?
- आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को श्रमिक सूची में शामिल किया जाए। ताकि, उन्हें श्रम कानूनों का लाभ मिल सके।
- मानदेय और मानसेवी टैग हटाने की मांग
- सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बावजूद महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जारी पुराने आदेश निरस्त हों।
- फेस कैप्चरिंग से जुड़ी व्यवस्था को व्यावहारिक बनाया जाए।
- नेटवर्क समस्याओं और हितग्राहियों की अनुपलब्धता के चलते पोषण आहार वितरण में दिक्कतें आती हैं।
- ग्रैच्युटी का भुगतान नियमानुसार किया जाए।
- योग्य कार्यकर्ताओं की शत-प्रतिशत पदोन्नति सुनिश्चित की जाए।
- पोषण आहार वितरण में लचीलापन लाने के लिए संशोधित आदेश जारी किए जाएं ताकि परिवार का कोई भी सदस्य वितरण ले सके।
50 वर्षों से सेवा में, फिर भी उपेक्षित
- संगठन ने बताया कि 1975 से सेवा दे रहीं हजारों पढ़ी-लिखी महिलाओं को आज भी आर्थिक शोषण का सामना करना पड़ रहा है। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा अब तक श्रमिक सूची में शामिल न किए जाने को लेकर भारी नाराजगी व्यक्त की गई।
- प्रमुख वक्ताओं का कहना था कि राज्य सरकार की अनदेखी के चलते आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की विकास और सामाजिक सुरक्षा की राह अवरुद्ध हो रही है। संगठन ने ऐलान किया कि अगर मांगे नहीं मानी गईं, तो हर स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
महिलाओं की बड़ी भागीदारी
इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं संगठन पदाधिकारी शामिल हुए। प्रमुख नामों में संध्या गुप्ता, मीना पांडेय, रागिनी शर्मा, ज्योति पांडेय, पुष्पा सिंह, सुप्रिया सिंह, रेखा मिश्रा, वंदना सिंह, सुनीता मिश्रा, अनुराधा पांडेय, शशि शुक्ला, अनीता चौधरी, दुर्गा कश्यप, कमला विश्वकर्मा, चंदा साकेत, प्रेमा मिश्रा, माधुरी, सावित्री श्रीवास्तव, पूनम शुक्ला आदि शामिल हैं।