Haryana weather update: मौसम ने फिर बदली करवट, करनाल में बारिश, छह जिलों में भी अलर्ट

हरियाणा में मानसून की विदाई के बावजूद मौसम करवट ले रहा है। करनाल में सोमवार दोपहर बारिश हुई। छह और जिलों में हल्की बारिश का अलर्ट है। जानें क्या रहेगा मौसम में बदलाव।

Updated On 2025-09-29 17:53:00 IST

करनाल में बारिश के बाद सुहाने मौसम के बीच कर्ण लेक का नजारा। 

Haryana weather update : हरियाणा में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ली। करनाल में दोपहर बाद बारिश हुई, जिससे गर्मी और उमस से राहत मिली। यह बारिश करीब 18 दिन बाद हुई है। प्रदेश में आखिरी बार 11 सितंबर को बरसात दर्ज की गई थी, जिसके बाद 24 सितंबर को दक्षिण-पश्चिम मानसून की औपचारिक विदाई हो गई थी।

कई जिलों में बढ़ गया था तापमान

पिछले एक पखवाड़े से बारिश न होने की वजह से राज्य के अधिकतर जिलों का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया था। दोपहर में धूप चुभने लगी थी और उमस का असर बढ़ रहा था। अब करनाल में हुई बारिश और हवा के रुख बदलने से लोगों को हल्की ठंडक का एहसास होने लगा है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी।

अरब सागर से नमी वाली हवाएं पहुंचीं हरियाणा

हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, अरब सागर में दबाव का क्षेत्र बनने से हवाओं के रुख में बदलाव आया है। नमी से भरपूर हवाएं दक्षिणी हरियाणा की ओर पहुंच रही हैं। इसके असर से 29 और 30 सितंबर को रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, नूंह (मेवात), पलवल, फरीदाबाद और गुरुग्राम समेत आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है।

कब-कब मिलेगी राहत?

30 सितंबर : नूंह, पलवल, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। बाकी जिलों में मौसम साफ रहेगा।

1 अक्टूबर : पूरे हरियाणा में बारिश की संभावना नहीं है। सभी जिलों में मौसम शुष्क और साफ रहने की संभावना।

2 अक्टूबर : पूरे प्रदेश में मौसम सामान्य रहेगा और दिन में धूप खिलेगी।

मानसून सीजन में सामान्य से ज्यादा बारिश

हरियाणा में 1 जून से 24 सितंबर तक मानसून सक्रिय रहा। इस दौरान 568 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि सामान्य बारिश का औसत 409.07 मिलीमीटर है। यानी प्रदेश को इस बार 38% अधिक बरसात मिली। सबसे ज्यादा बारिश यमुनानगर में 1116.5 मिमी दर्ज हुई। वहीं, सबसे कम बारिश सिरसा में 346.6 मिमी दर्ज की गई।

रात में बढ़ेगी ठंडक, दिन का तापमान गिरेगा

मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलने से रात का तापमान सामान्य से नीचे जा सकता है। दिन का पारा भी कम होगा, जिससे लोगों को तपिश और उमस से राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अक्टूबर की शुरुआत में सुबह-शाम हल्की ठंडक का एहसास बढ़ सकता है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
Tags:    

Similar News