सोनीपत में युवक की हत्या: वारदात के बाद शव खेत में फेंका, इलाके में दहशत का माहौल

Dead Body Found in Sonipat: सोनीपत में एक युवक की बेरहमी से हत्या करके उसका शव खेतों में फेंक दिया। मृतक की अब तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

Updated On 2025-05-18 11:43:00 IST

प्रतीकात्मक तस्वीर।

Dead Body Found in Sonipat: सोनीपत में एक युवक की बेरहमी से हत्या करके उसका शव खेत में फेंक दिया गया। मामले के बारे में पता लगते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। पुलिस को युवक की गर्दन पर पेचकस और कटर से वार करने के निशान मिले हैं। अब तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर गोहाना हॉस्पिटल भिजवा दिया है। फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

मौके से पेचकस और कटर बरामद

जानकारी के मुताबिक युवक का शव गोहाना के पुठी गांव में मोई हुड्डा की तरफ जाने वाले रास्ते पर खेतों में युवक का शव मिला है। शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को मामले के बारे में सूचित किया। सूचना मिलने के बाद पुलिस समेत FSL (फोरेंसिक साइंस लैबोरेटरी) टीम भी मौके पर पहुंच गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के दौरान पेचकस और लेमिनेशन की कटर जैसी चीजें बरामद की हैं।

गर्दन और सिर पर किए वार

मृतक की गर्दन बुरी तरह से कटी हुई है और उसके सिर पर भी गहरी चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस का कहना है कि हत्या को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया है। संभावना जताई जा रही है कि युवक की हत्या कहीं और की गई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने शव को खेतों में लाकर फेंक दिया। मृतक की उम्र 38 साल के आस-पास बताई जा रही है।

पुलिस जांच में जुटी 

पुलिस का कहना है कि युवक का शव हरी प्रकाश नाम के व्यक्ति के खेतों से बरामद किया गया है। लेकिन अब तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। मृतक की पहचान के लिए पुलिस आस-पास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्टों की जांच करने में जुटी हुई है। इसके अलावा पुलिस ने आसपास के गांवों में भी मृतक के बारे में जानकारी दी जा रही है। ताकि जल्द से जल्द मृतक के बारे में पता लग सके। फिलहाल पुलिस मृतक की शिनाख्त करने के साथ-साथ आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Tags:    

Similar News