Sikh Museum: हरियाणा में सिख संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा, विरासत-ए-खालसा की तर्ज पर बनेगा म्यूजियम
Haryana Sikh Museum: हरियाणा में सिख म्यूजियम बनाने का फैसला किया गया है। ऐसा माना जा रहा है कि पंजाब के आनंदपुर साहिब में विरासत-ए-खालसा के आधार पर इसे तैयार किया जाएगा।
हरियाणा में बनेगा सिख म्यूजियम।
Haryana Sikh Museum: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार ने हरियाणा के कुरुक्षेत्र में सिख म्यूजियम बनाने का फैसला लिया है। पंजाब के आनंदपुर साहिब स्थित विरासत-ए-खालसा की तर्ज पर 3 एकड़ जमीन पर सिख संग्रहालय बनाया जाएगा। इसके अलावा कुरुक्षेत्र में ही 5 एकड़ जमीन पर गुरु रविदास म्यूजियम और बिल्डिंग बनाने पर भी काम किया जाएगा।
म्यूजियम बन जाने के बाद हरियाणा के लोगों को सिख संस्कृति से जुड़ने का मौका मिलेगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सैनी सरकार की ओर से म्यूजियम के लिए एक सलाहकार, स्प्लैट मीडिया को फाइनल कर दिया गया है, इसकी लागत 115 करोड़ रुपये तय की गई है।
कब तक बनेगा म्यूजियम?
बताया जा रहा है कि म्यूजियम की आधारशिला नवंबर में रखी जाएगी। संभावना जताई जा रही है कि म्यूजियम 2 साल में तैयार कर लिया जाएगा, इसके बाद इसे दर्शकों के लिए ओपन किया जाएगा। इस म्यूजियम में कलाकृतियां नहीं है। इस म्यूजियम के माध्यम से सिख धर्म की जड़ों, खालसा के जन्म और उत्थान, महाराजा रणजीत सिंह के अधीन सिख साम्राज्य पर प्रकाश डाला जाएगा।
म्यूजियम में दृश्य-श्रव्य माध्यमों की सहायता से समकालीन वैश्विक सिख पहचान को दर्शाया जाएगा। ऐसा कहा जा रहा है कि सलाहकार की संकल्पना योजना में एक एम्फीथिएटर, एक ध्यान कक्ष, एक प्रकाश एवं ध्वनि शो और एक संगीतमय फव्वारा शामिल किया जाएगा।
सीएम सैनी ने पंजाब का किया दौरा
सीएम सैनी ने नौवें सिख गुरु, गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी दिवस के मौके पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों पर चर्चा के लिए बैठक की। इसके अलावा सीएम सैनी लगातार पंजाब का दौरा करते रहे हैं। सीएम सैनी ने रोपड़ में सम्मेलन और पड़ोसी राज्य के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ इस साल की शुरुआत बैठक से की थी।
सीएम सैनी ने संगरूर जाकर वरिष्ठ अकाली नेता सुखदेव सिंह ढींसा को श्रद्धांजलि दी और AAP सरकार पर तंज कसा था। सीएम नायब सिंह सैनी ने उधम सिंह की शहादत की बरसी पर सुनाम में उन्हें श्रध्दांजलि दी थी। ऐसे में सीएम सैनी लगातार किसी न किसी उद्देश्य से पंजाब से जुड़े रहे हैं।