सैलजा-रणदीप का सरकार पर हमला: जंगलराज की चौपाल बना हरियाणा, हर तरफ अपराधियों का खौफ
हरियाणा कांग्रेस के दो दिग्गज कांग्रेस महासचिव एवं राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरेजवाला व सांसद कुमारी सैलजा ने अपराध को लेकर हरियाणा सरकार पर बड़ा हमला बोला है।
रणदीप सिंह सुरजेवाला व कुमारी सैलजा।
हरियाणा कांग्रेस के दो दिग्गज कुमारी सैलजा व रणदीप सिंह सुरजेवाला ने एसपीआई की रिपोर्ट का हवाला देकर कानून व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार व मुख्यमंत्री पर बड़ा हमला बोला है। कुमारी सैलजा ने कहा कि सरकार अधिकारियों पर नियंत्रण खो चुकी है। जिससे अपराधी निरंकुश हो चुके हैं। रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि सत्ता के नशे में चूर नायब सरकार ने हरियाणा गैंगस्टरों व माफियाओं के हवाले कर दिया। भाजपा ने हरियाणा को अपराध का ‘लैबोरेट्री’ बना दिया है। हम पीड़ितों के साथ खड़े हैं और उन्हें न्याय दिलाएंगे।
हरियाणा में विकास नहीं जंगलराज : सैलजा
हरियाणा की सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि सरकार भले ही विकास की बात कर रही हो परंतु हकीकत में प्रदेश में जंगलराज है। अधिकारी न तो सरकार की सुन रहे और न ही जनता की। अपराधियों को खाकी का कोई खौफ नहीं है। प्रदेश में रोजाना हत्याएं, लूट, डकैती, अपहरण, बलात्कार जैसे वारदातें सरेआम हो रही है। सारे अपराधों की जड़ नशे का धंधा भी फल फूल रहा है। हरियाणा में सरकार सोई हुई है। केंद्र सरकार की सोशल प्रोग्रेस इंडेक्स (एसपीआई) रिपोर्ट में हरियाणा देश के सबसे असुरक्षित राज्यों में शामिल है। प्रदेश में अपराध बड़ी तेजी के साथ बढ़ते जा रहे हैं और अपराधी बेखौफ हैं। अपराध रोकने पर सरकार का कोई ध्यान नहीं है और पुलिस पर से सरकार का नियंत्रण खत्म हो चुका है। जिस कारण अपराधी निरंकुश हो चुके हैं। जब जनता शोर मचाती है तो मुख्यमंत्री, मंत्री और विधायक दावा करते है कि अपराध नियंत्रण में है अगर कोई कानून तोड़ेगा तो उसे छोड़ा नहीं जाएगा।
अब हालात ये हैं कि प्रदेश में रोजाना हत्याएं, लूट, डकैती, अपहरण, बलात्कार जैसे वारदातें सरेआम हो रही है। सोनीपत के खरखौदा में दिनदहाड़े कल सरेआम 12 गोलियां मारकर पिता पुत्र की हत्याएं कर दी गई और पुलिस बाद में पहले की तरह लकीर पीटने में लगे रही। इतना ही नहीं प्रदेश में रोजाना काफी लोग लापता हो रहे है, उनका आंकड़ा बहुत चिंताजनक है। सिर्फ इस साल जनवरी से मार्च तक प्रदेश से 4100 लोग लापता हुए हैं और 1000 से ज्यादा लोगों का अपहरण हुआ है। बड़ी संख्या में ऐसे मामले भी होते हैं, जो न तो थानों तक पहुंचते हैं और न कहीं रिपोर्ट दर्ज होती है। कांग्रेस सांसद ने कहा कि पिछले साल केंद्र सरकार की सोशल प्रोग्रेस इंडेक्स रिपोर्ट में हरियाणा को देश का सबसे असुरक्षित राज्य करार दिया गया था। एनसीआरबी के आंकड़ों के मुताबिक देश भर में हरियाणा महिलाओं, बच्चों के खिलाफ अपराध, दुष्कर्म, अपहरण, डकैती के मामलों में नंबर-1 पर रहा।
गैंगस्टरों- माफियाओं के हवाला हरियाणा: रणदीप
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हरियाणा की मौजूदा भाजपा-जजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की कर्मभूमि हरियाणा को भाजपा ने अपराधियों, माफियाओं और गैंगस्टरों के हवाले कर दिया है। जिस धरती ने “परित्राणाय साधूनां, विनाशाय च दुष्कृताम्” का संदेश पूरी सृष्टि को दिया, आज वही धरती भाजपा की नाकामी से अपराध के जाल में जकड़ी पड़ी है।
सुरजेवाला ने कहा कि आज हालत यह हैं कि हरियाणा पुलिस जिसका काम जनता की सुरक्षा है, वह खुद “भाजपा की इज़ ऑफ डूइंग क्राइम” की लहर में बह रही है। उन्होंने कहा कि हर रोज़ अखबारों के पन्ने अपराध से रंगे हैं, गांव से लेकर शहर तक कानून का भरोसा गायब और अपराध का खौफ आम लोगों की जिंदगी में उतर चुका है। प्रदेश में हर दिन 3 हत्याएं, 5 बलात्कार, 9 अपहरण और महिलाओं के खिलाफ 46 अपराध हो रहे हैं। प्रति 1 लाख की आबादी पर 740 अपराध के मामले दर्ज हैं। चार्जशीट दाखिल करने की दर सिर्फ 56% और दोष सिद्धि की दर मात्र 13.6% है। इन चार घटनाओं ने साबित कर दिया कि हरियाणा में कानून नाम की कोई चीज नहीं है।
सोनीपत : कोर्ट में पेशी पर जा रहे पिता-पुत्र की नेशनल हाईवे पर 15 गोलियां मारकर हत्या।
यमुनानगर: नकाबपोश बदमाशों ने व्यापारी को बंधक बनाकर 20 लाख रुपए और कार लूटी।
पानीपत: सीआईए इंस्पेक्टर ने किसान को एनकाउंटर की धमकी देकर 2.5 करोड़ की जमीन 75 लाख में हड़पी।
अंबाला में रूसी पर्यटक से लूट : पासपोर्ट, मोबाइल, नगदी सब छीन लिया गया।
सत्ता के नशे में चूर नायब सरकार
रणदीप सिंह सुरजेवाला ने मुख्यमंत्री पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश की नायब सरकार सत्ता के नशे में चूर है। विपक्ष को धमकाने, झूठ फैलाने और चुटकुले सुनाने में व्यस्त मुख्यमंत्री जनता की समस्याओं से बेखबर हैं। भ्रष्टाचार और अपराध की मिलीभगत ने हरियाणा को ‘हवा हवाई सरकार’ की गिरफ्त में जकड़ लिया है। सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस हरियाणा की जनता के साथ खड़ी है। हम हर अपराध पीड़ित को न्याय दिलाएंगे, माफियाओं और अपराधियों से राज्य को मुक्त कराएंगे, और हरियाणा को फिर से ‘हरि की भूमि’ बनाएंगे। भाजपा ने हरियाणा को अपराध का ‘लैबोरेट्री’ बना दिया है। जहां “न गुंडों को डर है, न माफियाओं को सजा।” उन्होंने कहा कि प्रदेश कालकोठरी में बदल गया है। जनता की जान-माल, इज़्जत और सुरक्षा सब अपराधियों के हवाले कर दी गई है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।