गुरुग्राम: 14वीं मंजिल से गिरकर 13 वर्षीय छात्र की मौत, घर से 4 किमी दूर दूसरी सोसाइटी में मिला शव

बच्चे के पिता ने बताया कि वह मेधावी छात्र था। पुलिस ने आरव का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। आत्महत्या और हादसा दोनों पहलुओं से जांच हो रही है।

Updated On 2026-02-02 14:54:00 IST

गुरुग्राम में 14वीं मंजिल से गिरा छात्र। 

साइबर सिटी गुरुग्राम के सेक्टर-69 स्थित 'ट्यूलिप वायलेट' सोसाइटी में 13 साल का बच्चा इमारत की 14वीं मंजिल से नीचे आ गिरा। मृतक की पहचान आरव के रूप में हुई है, जो सातवीं क्लास का छात्र था। हैरान करने वाली बात यह है कि आरव इस सोसाइटी का निवासी नहीं था, बल्कि वह यहा से करीब 4 किलोमीटर दूर सेक्टर-70 की बीपीटीपी एस्टायर गार्डन सोसाइटी में अपने परिवार के साथ रहता था।

सुरक्षाकर्मी ने दी पुलिस को जानकारी

सोसाइटी में तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने बताया कि उसने परिसर में कुछ गिरने की एक जोरदार आवाज सुनी। जब वह मौके पर पहुंचा, तो वहां आरव लहूलुहान हालत में पड़ा था और उसकी मौत हो चुकी थी। गार्ड ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आरव के घर वालों को सूचित किया। आरव के माता-पिता यह सुनकर स्तब्ध रह गए कि उनका बेटा अपने घर से इतनी दूर किसी दूसरी सोसाइटी में कैसे पहुंच गया।

मौसी के पुराने घर का कनेक्शन

आरव के पिता अतुल सक्सेना ने बताया कि वे बीपीटीपी एस्टायर गार्डन में पहली मंजिल पर रहते हैं। आरव पढ़ाई में काफी मेधावी था और सेंट एंजेल स्कूल का छात्र था। पूछताछ में पिता ने बताया कि करीब ढाई साल पहले आरव की मौसी ट्यूलिप वायलेट सोसाइटी में रहती थीं। बचपन में आरव अक्सर वहां अपनी मौसी के पास आया करता था। हालांकि, अब मौसी का परिवार वहां नहीं रहता। आरव वहां किसके साथ गया और क्यों गया, यह अभी तक एक पहेली बना हुआ है।

पुलिस की जांच जारी

बादशाहपुर थाने के जांच अधिकारी अशोक ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि बच्चा शायद खुदकुशी के इरादे से ही वहां आया होगा, लेकिन पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है। पुलिस ने आरव का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है, ताकि उसकी कॉल डिटेल्स और चैट से किसी संभावित सुराग का पता लगाया जा सके।

सीसीटीवी और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

एसएचओ (SHO) विजयपाल के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सोसाइटी के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरव सोसाइटी में अकेले घुसा था या उसके साथ कोई और भी था। पुलिस ने हत्या, दुर्घटना और आत्महत्या—तीनों एंगल से जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।

इकलौते बेटे की मौत से सदमे में माता-पिता

आरव अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी अचानक मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। माता-पिता यह समझ नहीं पा रहे हैं कि जिस बच्चे को उन्होंने सुबह सही-सलामत देखा था, वह कुछ ही घंटों बाद मौत की खबर बनकर लौटेगा। पुलिस आसपास के लोगों और गार्ड्स से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा सकें।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ। 

Tags:    

Similar News

गुरुग्राम में पहचान छिपाकर हिंदू युवती से की शादी: आरव बनकर फंसाया, दुबई में बेचने की रची साजिश