हांसी: रिटायर्ड पंचायत सचिव की प्रॉपर्टी दफ्तर में घुसकर निर्मम हत्या, चेहरे को धारदार हथियार से काटा, सिर में मारी गोली

वारदात का पता सुबह तब चला जब दूधवाले के फोन के बाद पत्नी दफ्तर पहुंची और वहां पति का लहूलुहान शव देखा। इस जघन्य अपराध से स्थानीय व्यापारियों में पुलिस के खिलाफ भारी रोष है।

Updated On 2026-02-04 13:42:00 IST

रिटायर्ड पंचायत सचिव सुभाष मलिक का फाइल फोटो व वारदात स्थल पर जांच करती पुलिस। 

हरियाणा के हांसी में हुड्डा सेक्टर-6 निवासी 65 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर सुभाष मलिक की उनके ही कार्यालय में घुसकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावरों ने इस कदर हैवानियत दिखाई कि मृतक के चेहरे को धारदार हथियारों से बुरी तरह क्षत-विक्षत कर दिया और अंत में सिर में गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। मृतक के तीनों बेटे सरकारी पदों पर कार्यरत हैं, और इस घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी रोष है।

दूधवाले के फोन के बाद खुला मौत का राज

वारदात का खुलासा मंगलवार सुबह उस वक्त हुआ जब सुभाष मलिक के घर पर दूध देने वाले व्यक्ति ने उनकी पत्नी पुष्पा को फोन किया। दूधवाले ने बताया कि सुभाष आज दूध लेने नहीं आए हैं। पति के दफ्तर से घर न लौटने और दूधवाले की सूचना के बाद चिंतित पत्नी सुबह करीब 8:30 बजे घर से मात्र 50 मीटर की दूरी पर स्थित 'माया प्रॉपर्टी' ऑफिस पहुंचीं। जैसे ही उन्होंने दफ्तर का दरवाजा खोला, सामने का मंजर देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। अंदर सुभाष मलिक का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा था। उनके शोर मचाने पर आसपास के लोग और परिवार के अन्य सदस्य मौके पर जमा हुए।

गायब मिले सोने के जेवर

सुभाष मलिक करीब छह साल पहले पंचायत विभाग से सचिव के पद से सेवानिवृत्त हुए थे और वर्तमान में प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य देख रहे थे। परिजनों के अनुसार वे सुबह 5 बजे ही यह कहकर घर से निकले थे कि आज कोई बड़ी जमीन की डील होनी है। शुरुआती जांच में पुलिस इसे प्रॉपर्टी विवाद या पुरानी रंजिश मान रही थी, लेकिन शव के निरीक्षण के बाद एक नया मोड़ सामने आया है। मृतक के गले की सोने की चेन और हाथ का भारी कड़ा गायब मिला है, जिससे अब पुलिस 'लूट के बाद हत्या' के एंगल पर भी गंभीरता से विचार कर रही है।

धारदार हथियारों से कई वार किए

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी विनोद शंकर भारी पुलिस बल और फोरेंसिक (FSL) टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान पता चला कि हमलावरों ने मलिक के चेहरे, हाथों और सीने पर धारदार हथियारों से कई वार किए थे। शव के एक्स-रे में सिर में गंभीर चोट और गोली लगने की पुष्टि हुई है। पुलिस को घटनास्थल से कारतूस का एक खोल भी बरामद हुआ है। सबूतों से छेड़छाड़ न हो, इसलिए दफ्तर को पूरी तरह सील कर दिया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

शोक में डूबा परिवार

सुभाष मलिक एक प्रतिष्ठित परिवार से ताल्लुक रखते थे। उनके तीन बेटे हैं और तीनों ही सरकारी सेवा में हैं। बड़ा बेटा अमन और मंझला बेटा रमन सिंचाई विभाग (BDO कार्यालय) और सेंट्रल यूनिवर्सिटी में जेई (JE) के पद पर तैनात हैं, जबकि सबसे छोटा बेटा सूरज ग्रामीण बैंक में क्लर्क है। परिवार ने बताया कि अभी कुछ दिन पहले ही 1 जनवरी को घर में सत्संग का आयोजन किया गया था और पूरा परिवार खुश था, लेकिन इस आकस्मिक घटना ने सब कुछ उजाड़ दिया।

व्यापारियों का फूटा गुस्सा

इस हत्याकांड के बाद हांसी के व्यापारिक संगठनों में गहरा आक्रोश है। व्यापार मंडल के प्रधान प्रवीन तायल ने इस घटना को पुलिस का 'बड़ा फेलियर' करार दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो पूरा हांसी शहर बंद किया जाएगा। वहीं, स्थानीय निवासी और व्यापारी नेता बजरंग बंसल ने कहा कि अगर हुड्डा सेक्टर जैसे पॉश इलाके में दिनदहाड़े ऐसी वारदात हो सकती है, तो आम नागरिक खुद को कहां सुरक्षित महसूस करेगा।

विधायक विनोद भयाना के पुत्र साहिल भयाना ने भी अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और पुलिस अधिकारियों से मामले की त्वरित जांच करने को कहा। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या और लूट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ। 

Tags:    

Similar News

हरियाणा में स्मार्ट मीटर से मिलेगी बिजली: प्रदेशभर में बदली जाएगी व्यवस्था, प्रीपेड और पोस्टपेड का ऑप्शन मिलेगा

हिसार का राखीगढ़ी बनेगा विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र: आइकॉनिक साइट में दर्ज होगा, हड़प्पा की विरासत को मिलेगी नई पहचान

हरियाणा घने कोहरे और शीतलहर की चपेट में: 16 जिलों में चेतावनी जारी, 3 शहरों में 5 डिग्री से नीचे गिरा पारा

हिसार से नांदेड़ साहिब की पहली हवाई उड़ान रवाना: हरियाणा सरकार ने दी 60% किराए में छूट, 72 की जगह 3 घंटे का सफर