बच्चे को पानी से भरे ड्रम में डुबोकर हत्या: रोहतक में अज्ञात महिला ने घर में घुसकर की वारदात, मां को किया बेहोश
अजायब गांव में अज्ञात हमलावर महिला ने पहले बच्चे की मां को बेहोश किया, फिर बच्चे को छीनकर पानी में डुबो दिया। उसके बाद आरोपी महिला मौके से फरार हो गई। परिजनों ने मां-बच्चे को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
हरियाणा के रोहतक से एक बेहद ही हृदय विदारक घटना सामने आई है। मंगलवार को यहां एक ढाई महीने के मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। एक अज्ञात महिला ने घर में घुसकर बच्चे की मां को बेहोश किया और फिर उस मासूम को पानी से भरे ड्रम में डुबोकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला मौके से फरार हो गई।
सुंघाकर बेहोश करने की कोशिश की
यह खौफनाक वारदात रोहतक के अजायब गांव की है। बच्चे की मां प्रियंका उर्फ खुशबू ने पुलिस को बताया कि वह अपने घर पर मौजूद थीं, तभी एक महिला उनके घर आई। उस महिला ने प्रियंका को कुछ खिलाकर या सुंघाकर बेहोश करने की कोशिश की। जब प्रियंका ने विरोध किया और बच्चे को बचाने की कोशिश की तो महिला ने उन्हें धक्का दे दिया, जिससे वे बेहोश हो गईं। इसी दौरान उस निर्दयी महिला ने प्रियंका के ढाई महीने के बच्चे को पास रखे पानी के ड्रम में डुबो दिया।
अस्पताल पहुंचने पर बच्चे को मृत घोषित किया
वारदात के बाद जब परिजनों को घटना के बारे में पता चला तो वे तुरंत प्रियंका और बच्चे को लेकर रोहतक के पीजीआई अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने बच्चे को देखते ही मृत घोषित कर दिया, हालांकि प्रियंका की हालत अब स्थिर है और वह खतरे से बाहर हैं।
पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर सुरेश ने बताया कि उन्होंने प्रियंका के बयान दर्ज कर लिए हैं। शिकायत के आधार पर, पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस अब फरार आरोपी महिला की तलाश में जुट गई है और जल्द से जल्द उसे पकड़ने का प्रयास कर रही है। इस दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को सन्न कर दिया है।