Pm Modi Birthday special gift: हरियाणा ने पीएम मोदी को दिया ऐसा जापानी गिफ्ट, सदियों तक रहेगा याद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन पूरे देश में अलग-अलग तरीकों से मनाया जा रहा है। ऐसे में हरियाणा ने भी उनको जन्मदिन पर एक ऐसा खास जापानी तोहफा दिया है, जो सदियों तक याद रखा जाएगा।
Pm Modi Birthday special gift : हरियाणा में प्रधामंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन हर जिले में अनोखे तरीके से मनाया गया। पीएम को सबसे खास गिफ्ट रोहतक में दिया गया। यहां एक खास जापानी तकनीक से इस गिफ्ट को तैयार किया गया। खास बात यह है कि यह गिफ्ट सदियों तक मानवता की सेवा में अपनी खुशबू बिखेरता रहेगा और हमेशा पीएम मोदी के नाम को अमर रखेगा।
नमो वन में 10 हजार पौधे रोपित किए
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर रोहतक शहर के सेक्टर 2 में जापान की प्रसिद्ध मियावाकी पद्धति से तैयार किए जा रहे नमो वन का उद्घाटन पौधरोपण के साथ किया। नमो वन के शुभारंभ अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव, पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली भी मौजूद रहे। इस वन में करीब 10 हजार पौधे रोपित करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया।
महिलाओं को पर्यावरण प्रहरी बनने को प्रेरित किया
नमो वन में महिलाओं, बुजुर्गों, युवाओं के साथ बच्चों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। पौधरोपण करते हुए पर्यावरण प्रेमियों से केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने सीधा संवाद किया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी स्वच्छ पर्यावरण में स्वस्थ जीवन की विचारधारा के साथ देश को विकसित भारत की ओर ले जाने में अग्रसर हैं। ऐसे में हम सभी का यह दायित्व बनता है कि उनकी इस सकारात्मक सोच को सार्थक करने में सभी अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने महिलाओं को प्रेरित किया कि वे घर की जिम्मेदारी जिस प्रकार पूरी लगन से निभा रही हैं ठीक उसी अनुरूप वे स्वयं तथा अपने परिजनों को भी पर्यावरण संरक्षण में सहभागी बनाने में आगे आएं और अधिक से अधिक पौधे रोपित करते हुए पर्यावरण प्रहरी बनें। हजारों की संख्या में नमो वन में पौधरोपण करने आई महिलाओं ने भी पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
यह भी देखें : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पीएम मोदी के जन्मदिन पर किया खास योजना का शुभारंभ, देखें वीडियो
इन्होंने भी पौधरोपण कर लिया संकल्प
नमो वन के उद्घाटन अवसर पर पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, संगठन महामंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा, नगर निगम के मेयर राम अवतार बाल्मीकि, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के महानिदेशक के. मकरंद पांडुरंग, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के निदेशक पंकज कुमार, उपायुक्त सचिन गुप्ता, नगर निगम आयुक्त डॉ. आनंद शर्मा, पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारणिया, भाजपा जिलाध्यक्ष रणबीर ढाका, शमशेर खरक, प्रदेश प्रवक्ता राजकुमार कटारिया, रेणु डाबला, राज कुमार कपूर, राजकमल सहगल, रमेश भाटिया सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। इन सभी ने भी पौधरोपण करते हुए नमो वन को अच्छी तरह विकसित करवाने का संकल्प लिया।
क्या है जापान की मियावाकी पद्धति
मियावाकी पद्धति जापान के अकीरा मियावाकी द्वारा विकसित की गई थी। यह एक सघन वनरोपण तकनीक है, जिसमें एक छोटे इलाके में कई प्रकार की देसी पौधों की प्रजातियों को लगाया जाता है ताकि आत्मनिर्भर व बहुस्तरीय वन कुछ ही वर्षों में तैयार हो सके। इस विधि में स्थानीय प्रजातियों के कई स्तरों के पौधों को एक साथ लगाया जाता है और शुरुआती दौर में उचित देखभाल की जाती है। कुछ समय बाद इन पौधों की देखभाल करने की जरूरत नहीं होती और यह जंगल की तरह आत्मनिर्भर होकर सदियों तक पर्यावरण को बचाते रहते हैं। शहरी क्षेत्रों में कम जमीन पर भी जैव-विविधता बढ़ाने का यह एक खास तरीका है।