यात्रीगण कृपया ध्यान दें: पंजाब और जम्मू में आई बाढ़ से हरियाणा की रेल सेवाएं प्रभावित, जानें कौन सी ट्रेनें कब तक हुईं रद्द

बाढ़ के कारण हरियाणा से होकर जाने वाली कई ट्रेनें या तो पूरी तरह रद्द कर दी गई हैं या आंशिक रूप से रोक दी गई हैं। इससे यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है। यह रद्दकरण 15 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगा।

Updated On 2025-09-05 11:26:00 IST

बाढ़ के कारण हरियाणा की रेल सेवाएं प्रभावित। 

जम्मू-कश्मीर और पंजाब में आई भयानक बाढ़ के कारण रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। बाढ़ की वजह से कई ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, जबकि कुछ का मार्ग आंशिक रूप से बदल दिया गया है। ये ट्रेनें हरियाणा के कई शहरों जैसे सिरसा और हिसार से होते हुए राजस्थान और गुजरात तक जाती हैं। इसी तरह कुछ ट्रेनें राजस्थान से हरियाणा के रेवाड़ी और गुरुग्राम के रास्ते दिल्ली और यूपी से होकर पंजाब और जम्मू तक जाती हैं।

ब्रिज नंबर 17 में तकनीकी खराबी

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु उपाध्याय के अनुसार पंजाब में जम्मू के कठुआ और माधोपुर स्टेशनों के बीच बने ब्रिज नंबर 17 में तकनीकी खराबी आ गई है। यह खराबी बाढ़ के कारण हुई है, जिसकी मरम्मत का काम चल रहा है। इस तकनीकी समस्या को दूर करने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए, इन मार्गों पर चलने वाली कुछ ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।

15 अक्टूबर तक रद्द रहने वाली ट्रेनें

बाढ़ से प्रभावित होने के कारण कुल 8 ट्रेनों को 15 अक्टूबर, 2025 तक के लिए रद्द कर दिया गया है। इन ट्रेनों के रद्द होने से उन यात्रियों को परेशानी हो रही है, जिन्होंने पहले से ही इन रूट पर यात्रा करने की योजना बनाई हुई थी। रेलवे अधिकारियों ने बताया है कि जैसे ही तकनीकी समस्या को पूरी तरह से ठीक कर लिया जाएगा, सभी ट्रेनों को फिर से शुरू कर दिया जाएगा।

आंशिक रूप से रद्द की गईं ट्रेनें

तकनीकी समस्या के कारण कुछ ट्रेनों को पूरी तरह से रद्द नहीं किया गया है, बल्कि उनके रूट को छोटा कर दिया गया है।

• गाड़ी संख्या 14803 (भगत की कोठी-जम्मूतवी) : यह ट्रेन 15 अक्टूबर, 2025 तक भगत की कोठी से फिरोजपुर कैंट तक ही चलेगी। यह फिरोजपुर कैंट और जम्मूतवी के बीच आंशिक रूप से रद्द रहेगी।

• गाड़ी संख्या 14804 (जम्मूतवी-भगत की कोठी) : यह ट्रेन 15 अक्टूबर, 2025 तक जम्मूतवी की बजाय फिरोजपुर कैंट से ही चलेगी। यह जम्मूतवी और फिरोजपुर कैंट के बीच आंशिक रूप से रद्द रहेगी।

• गाड़ी संख्या 19223 (साबरमती-जम्मूतवी) : यह ट्रेन 15 अक्टूबर, 2025 तक साबरमती से फिरोजपुर कैंट तक ही चलेगी। यह फिरोजपुर कैंट और जम्मूतवी के बीच आंशिक रूप से रद्द रहेगी।

• गाड़ी संख्या 19224 (जम्मूतवी-साबरमती) : यह ट्रेन 15 अक्टूबर, 2025 तक जम्मूतवी की बजाय फिरोजपुर कैंट से ही चलेगी। यह जम्मूतवी और फिरोजपुर कैंट के बीच आंशिक रूप से रद्द रहेगी।

कुछ रूटों पर ट्रेनों को फिर से शुरू किया गया

• गाड़ी संख्या 12413 (अजमेर-जम्मूतवी) : यह ट्रेन 6 सितंबर से अपने निर्धारित समय पर फिर से चलने लगी है। वहीं रेलवे विभाग लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है और सभी प्रभावित सेवाओं को जल्द से जल्द बहाल करने का प्रयास कर रहा है ताकि यात्रियों को होने वाली असुविधा को कम किया जा सके। यात्रीगणों से अनुरोध है कि यात्रा करने से पहले वे रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन से जानकारी प्राप्त कर लें।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ। 

Tags:    

Similar News