गोवा अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव: हरियाणा की झांकी ने बटोरीं सुर्खियां, सुपरहिट फिल्म दंगल' और 'सुल्तान' के पोस्टर ने खींचा ध्यान

झांकी में हरियाणा की समृद्ध हरियाणवी संस्कृति और प्रमुख फिल्म लोकेशन्स जैसे पिंजौर फिल्म सिटी, कुरुक्षेत्र को भी प्रदर्शित किया गया। इस प्रस्तुति ने अंतर्राष्ट्रीय मंच पर हरियाणा को एक आकर्षक फिल्म शूटिंग गंतव्य के रूप में स्थापित किया है।

Updated On 2025-11-21 14:57:00 IST

इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में झांकी निकालते हरियाणवीं कलाकार। 

गोवा में चल रहे 56वें अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI 2025) में इस बार हरियाणा की झांकी पहली बार शामिल हुई, जिसने खूब सुर्खियां बटोरीं। ओपनिंग परेड में निकाली गई इस झांकी ने दर्शकों का दिल जीत लिया और राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ प्रमुख फिल्म लोकेशन्स को भी प्रदर्शित किया। सुपरहिट फिल्में 'दंगल' और 'सुल्तान' के पोस्टर झांकी का मुख्य आकर्षण बने, जो देश-विदेश के प्रतिनिधियों के लिए सेल्फी स्पॉट बन गए।

IFFI में हरियाणा का धमाकेदार डेब्यू

अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) एक ऐसा मंच है जहां भारत और दुनिया भर की बेहतरीन फिल्मों और फिल्म संस्कृति को प्रदर्शित किया जाता है। IFFI 2025 में हरियाणा ने अपनी स्टेट झांकी के साथ पहली बार इस प्रतिष्ठित आयोजन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। यह झांकी 'वीडियो शूट कैमरा' की थीम पर आधारित थी जो हरियाणा को एक उभरते हुए फिल्म निर्माण केंद्र के रूप में प्रस्तुत करती है। गोवा की सड़कों पर जब यह झांकी निकली, तो दर्शक इसे देखकर मंत्रमुग्ध हो गए और इसकी जमकर सराहना हुई।

झांकी के साथ जमकर सेल्फी ली

झांकी का सबसे बड़ा आकर्षण बॉलीवुड की दो ब्लॉकबस्टर फिल्मों— 'दंगल' और 'सुल्तान' के बड़े-बड़े पोस्टर थे। ये दोनों ही फिल्में हरियाणा की माटी और यहां के खिलाड़ियों की कहानी पर आधारित हैं। इन पोस्टरों को देखकर देश-विदेश से आए फिल्म निर्माता, प्रतिनिधि और दर्शक खुद को रोक नहीं पाए और झांकी के साथ जमकर सेल्फी लेते नजर आए। यह झांकी न केवल मनोरंजन का केंद्र बनी, बल्कि इसने हरियाणा की फिल्म-फ्रेंडली इमेज को भी मजबूत किया। झांकी में स्थानीय कलाकारों के पोस्टर भी लगाए गए थे, जिससे हरियाणा के टैलेंट को अंतर्राष्ट्रीय मंच पर पहचान मिली।

हरियाणवी संस्कृति की शानदार प्रस्तुति

हरियाणा की झांकी सिर्फ फिल्मों तक ही सीमित नहीं थी, बल्कि इसने राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी बड़े ही आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। झांकी के पीछे हरियाणवी कलाकारों का एक समूह था जो लोकल गानों की धुन पर उत्साह और उमंग से नाच रहा था। उनकी वेशभूषा, लोक संगीत और नृत्य ने गोवा के दर्शकों को हरियाणवी संस्कृति की एक जीवंत झलक दिखाई। यह दृश्य सड़कों पर खड़े लोगों के लिए एक मनोरंजक और यादगार अनुभव बन गया।

झांकी में हरियाणा की कई प्रमुख फिल्म लोकेशन्स को दर्शाया गया

हरियाणा सरकार का उद्देश्य इस झांकी के माध्यम से फिल्म निर्माताओं को राज्य में शूटिंग के लिए आकर्षित करना भी था। झांकी में हरियाणा की कई प्रमुख और खूबसूरत फिल्म लोकेशन्स को दर्शाया गया, जिनमें शामिल हैं।

• पिंजौर फिल्म सिटी (पंचकूला में निर्माणाधीन)

• धार्मिक स्थल कुरुक्षेत्र

• ऐतिहासिक झज्जर टॉम्ब्स

• प्रकृति का सौंदर्य समेटे सुल्तानपुर नेशनल पार्क

• बहादुरगढ़ रोड जैसे शहरी और ग्रामीण मार्ग

• नरवाना के गांव (सच्चाखेड़ा, भीखेवाला, दनौदा)

• सिरसा का फरवाई कलां गांव

इन लोकेशन्स को प्रदर्शित करने से यह संदेश गया कि हरियाणा में शहरी, ग्रामीण, ऐतिहासिक और प्राकृतिक सभी तरह के बैकग्राउंड में शूटिंग की अपार संभावनाएं मौजूद हैं।

IFFI का भव्य आगाज

गोवा के पणजी में 56वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) का भव्य आगाज झांकी परेड के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह में गोवा के राज्यपाल पी. अशोक गजपति राजू, मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन जैसी प्रमुख हस्तियां मौजूद थीं।

मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने तुलसी के पौधे में जल अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सिनेमा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयों को छू रहा है। हरियाणा की पहली बार एंट्री भारतीय सिनेमा में क्षेत्रीय योगदान को बढ़ावा देने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ। 

Tags:    

Similar News