मौसम अलर्ट: सीजन का तापमान पहली बार 42 डिग्री पहुंचा, गर्म हवाओं ने किया परेशान, शाम को आसमान में बादल छाने से मिली राहत

हरियाणा में भीषण गर्मी के कारण सीजन में मई के पहले सप्ताह में तापमान पहली बार 42 डिग्री सेल्सियस पहुंचा। इससे पहले 26 अप्रैल को तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।

Updated On 2024-05-04 22:13:00 IST
शाम के आसमान में छाए बादल। 

Haryana: भीषण गर्मी ने एक बार फिर लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। शनिवार को सीजन में मई के पहले सप्ताह में तापमान पहली बार 42 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इससे पहले 26 अप्रैल को तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 2023 में 4 मई को अधिकतम तापमान 31 व न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इस बार तामपान गत वर्ष की अपेक्षा 11 डिग्री सेल्सियस अधिक हो गया है। शनिवार को दिनभर तेज धूप और गर्मी पसीने छुड़ाती रही। दिनभर गर्म हवाएं चलने के कारण सड़के सूनी नजर आई। शाम के समय आसमान में बादल छाने से गर्मी का असर कुछ कम हुआ। मौसम विभाग के अनुसार आगामी सप्ताह में तापमान में तेजी से वृद्धि होगी।

दिनभर चिलचिलाती धूप ने किया परेशान

शनिवार को आसमान सुबह से ही साफ रहा। तेज धूप निकलने के बाद दोपहर तक चिलचिलाती धूप से लोगों को  जमकर परेशान किया। अधिकतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 42 डिग्री पर पहुंच गया, वहीं न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी के साथ 24 डिग्री पहुंच गया। गर्मी के कारण लोगों का बाजार और सड़कों पर निकलना मुश्किल हो गया। दोपहर के समय गर्मी के चलते सड़कें सुनसान नजर आने लगी। बाजार में दुकानदार ग्राहकों का इंतजार करते देखे गए। सड़कों पर वाहनों का आवागमन काफी कम रहा। शाम के समय आसमान में एक बार फिर से बादल छाने से गर्मी के तेवर कुछ हद तक नरम पडऐ। शाम तक घने बादलों के बीच बूंदाबांदी की संभावना भी नजर आने लगी।

पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से बादल छाने की आशंका

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम विक्षोभ की सक्रियता के चलते रविवार को भी आसमान में आंशिक या घने बादल छा सकते हैं। तेज हवाएं चलने से कहीं हल्की, तो कहीं तेज बरसात हो सकती है। मौसम में कुछ दिनों तक उतार-चढ़ाव बना रहेगा, जिससे तापमान में भी बदलाव दर्ज किया जाएगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि मई के दूसरे सप्ताह में एक ओर तापमान तेजी से बढ़ सकता है, तो दूसरी ओर 10 मई से तीन-चार दिन तक आसमान में बादल छाने के साथ बूंदाबांदी भी हो सकती है। तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है, जिससे हीट वेव का प्रकोप भी परेशान कर सकता है।

Similar News