Haryana Weather Update: सुबह-शाम अच्छी ठंड, दिन में खिली धूप, तेज हवा के साथ उड़ी धूल

Haryana Weather Update: हरियाणा में खिली धूप के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिला। हालांकि सुबह शाम ठंड बनी रहेगी, जबकि दोपहर को धूप से राहत मिल रही है। 12 फरवरी को बादलवाई के आसार बन रहे हैं।

Updated On 2024-02-08 18:45:00 IST
मौसम में बदलाव से खिली फसल। 

Haryana Weather Update: प्रदेश में दूसरे दिन भी धूप खिलने पर मौसम में बदलाव साफ नजर आ रहा है। दिनभर धूप खिली रही। हवा की गति भी काफी तेज होने के साथ ठंड भी रही। जिसके साथ हलकी धूल भी उड़ी। न्यूनतम तापमान स्थिर बना रहा जबकि अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। वीरवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान सात डिग्री दर्ज किया गया। हवा की गति 23 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार सुबह तथा शाम को ठंड बनी रहेगी। दिन में धूप खिलने के साथ मौसम साफ बना रहेगा।

सुबह-शाम अच्छी ठंड, दिन में खिली धूप
पिछले दो दिनों से अच्छी धूप खिल रही है। ठंडी हवा की तेज गति दिन में कुछ खलल डाल रही है। सुबह तथा शाम को अच्छी ठंड पड़ रही है। वीरवार को दिन का आगाज कडाके की ठंड तथा साफ मौसम के साथ हुआ। हवा की गति भी कुछ तेज रही। दिन में मौसम साफ बना रहा। हवा तेज होने के साथ हलकी धूल भी उड़ी। हालांकि शाम को हवा की गति कुछ कम हुई लेकिन उत्तरी पछुआ हवा के झोंके ठंड का अहसास कराते रहे।

रात को ठंड तथा दिन में तेज हवा बनी परेशानी
रात को तापमान नीचे आ रहा है। दिन में धूप भी खिल रही है। हवा की गति परेशानी पैदा कर रही है। तेज हवा के कारण फसलों के पसरने का खतरा बना हुआ है। विशेषकर वे फसल, जिसमें पानी दिया गया है। इसमें सरसों तथा अगेती गेहूं शामिल है। हालांकि औसतन  तापमान दो से तीन डिग्री कम चल रहा है। ठंड का होना फसलों के लिए फायदेमंद है। फसलों को अच्छा फुटाव तथा ग्रोथ मिल रही है।

बढे़गा तापमान, हवा की गति भी होगी कम, 12 को बादलवाई के असार
मौसम विभाग के अनुसार सुबह तथा शाम को ठंड बनी रहेगी। दिन के तापमान में इजाफा होगा। हवा की तेज गति से भी राहत मिलेगी। 12 फरवरी से बादलवाई आकाश में दिखाई देने की संभावना है। 11 फरवरी तक मौसम साफ बना रहेगा। मौसम फसलों के अनुकूल बना हुआ है। पांडू पिंडारा कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डॉ. राजेश ने बताया कि सुबह तथा शाम को ठंड फिलहाल बनी रहेगी। औसत से नीचे चल रहा तापमान फसलो के लिए फायदेमंद है।

Similar News