शातिर ठग: हथेली पर केमिकल रखते ही बेसुध हुई महिला, लाखों के जेवरात लेकर फरार

सरकारी स्कूल की प्राचार्या को पता पूछने के बहाने सम्मोहित कर गहने चुराकर फरार हो गए थे आरोपी।

Updated On 2024-03-07 12:37:00 IST
सम्मोहित कर ठगी का प्रतिकात्मक फोटो

रेवाड़ी। महिलाओं को सम्मोहित कर ठगी का शिकार बनाने वाला गिरोह एक बार फिर से सक्रिय हो गया है। इस गिरोह ने दो दिन में दो महिलाओं को सम्मोहित करते हुए लाखों रुपये के जेवरात हड़प लिए। पुलिस ने दोनों केस दर्ज करने के बाद आरोपियों का पता लगाने के प्रयास शुरू कर दिए, परंतु अभी तक पुलिस को सफलता नहीं मिल पाई है।

मंदिर से लौटते समय बनाया शिकार 

धारूहेड़ा की सैय्यद कॉलोनी निवासी सुधा रानी मंदिर जाने के बाद घर लौट रही थी। मंदिर से कुछ दूर आगे निकलते ही एक युवक उसके पास आया। उसके हाथ में पीले रंग का केमिकल था। उसने केमिकल हाथ पर रखकर उससे कहा कि मां मेरे हाथ में बगला मुखी माता के दर्शन करो। जब उसने उसके हाथ पर नजर डाली, तो वह अपनी सुध खो बैठी। युवक ने उसकी सोने की अंगूठी, गले से सोने का पेंडल व कानों की बालियां निकली लीं। कुछ देर बाद उसे होश आया तो सभी आभूषण गायब मिले। वह अपने पड़ोसी बाबूलाल के पास गई और उसे सारे घटनाक्रम की जानकारी दी। बाबूलाल ने डायल-112 पर कॉल किया। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने युवक की काफी तलाश करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में पुलिस ने झपटमारी का केस दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी।

महिला प्रिंसीपल भी बन चुकी शिकार

सेक्टर-3 में रहने वाली महिला गंगा देवी मसानी स्कूल में प्रिंसीपल है। सेक्टर से मार्केट जाते समय बाइक पर चार युवकों ने उससे किसी के घर का पता पूछा। गंगा देवी ने पते के बारे में जानकारी नहीं होने की बात कही। उसे बातों में उलझाकर सम्मोहित कर दिया। इसके बाद उसके सोने के कंगन, टॉप्स, कान की बालियां और पर्स ले लिए। पर्स में मोबाइल फोन और नकदी थी। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने उसकी शिकायत पर केस दर्ज करने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

Similar News