Republic Day 2025: हरियाणा की झांकी में श्रीकृष्ण गीता का उपदेश देते नजर आएंगे, खिलाड़ियों की भी होगी 'जय-जयकार'

Haryana Tableau On Republic Day 2025: हरियाणा की ओर से दिल्ली के कर्तव्य पथ पर झांकी निकाली जाएगी। इसमें राज्य की विरासत और तकनीकी प्रगति के साथ अंतर्राष्ट्रीय खेलों में खिलाड़ियों की उपलब्धियों को दर्शाया जाएगा।

Updated On 2025-01-21 17:12:00 IST
गणतंत्र दिवस 2025 के लिए हरियाणा की झांकी।

Theme of Haryana Tableau On Republic Day: साल 2025 में गणतंत्र दिवस अवसर पर लगातार चौथी बार दिल्ली के कर्तव्य पथ पर हरियाणा की झांकी निकाली जाएगी, जिसमें प्रदेश के तकनीकी विकास, सांस्कृतिक विरासत और खिलाड़ियों की उपलब्धियों को दर्शाया जाएगा। इस बार हरियाणा की झांकी में राज्य के आधुनिक विकास, समृद्ध सांस्कृतिक विकास और लैपटॉप पर काम करते हुए एक ताऊ को दिखाया जाएगा। इसके अलावा, झांकी में पैरालंपिक खिलाड़ियों को भी लाइव देखा जा सकेगा, जिन्होंने पैरालंपिक में अपनी जीत का परचम लहराया है। बता दें कि हरियाणा के सूचना, लोक संपर्क, भाषा व संस्कृति विभाग की तरफ से गणतंत्र दिवस के लिए प्रदेश की झांकी को अंतिम रूप सुनिश्चित कर दिया है।

झांकी में क्या-क्या दिखाई देगा

हरियाणा की झांकी में प्रदेश की विरासत और प्रगति को दर्शाया जाएगा। इस झांकी में सबसे पहले अर्जुन को गीता का उपदेश दे रहे भगवान कृष्ण दिखाई देंगे। इसमें कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर का दृश्य दिखाई देगा, जहां पर भगवान कृष्ण ने अर्जुन को महाभारत के समय श्रीमद्भागवत गीता का संदेश दिया था। साथ ही इसके पीछे एक हरियाणवी बैलगाड़ी दिखाई जाएगी, जिसमें चमड़े की जूतियां, सरकंडा शिल्प, चोप, बाग, पंजा दरी, फुलकारी और रेवाड़ी के पीतल बर्तन, सुराही व मिट्टी के बर्तन की झलक देखने को मिलेगी।

यह हरियाणा के विकास और शिल्प को प्रदर्शित करेंगे। इसके अलावा प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में प्रदेश की हासिल की गई उपलब्धियों को दर्शाया जाएगा। जिसके लिए झांकी के बीच में एक बुजुर्ग व्यक्ति को लैपटॉप पर काम करते हुए दिखाया जाएगा और उनके पास में एक बच्चा भी दिखाई देगा। इसके माध्यम से तकनीकी के क्षेत्र में की गई प्रगति को दर्शाया जाएगा।

ये पांच पैरालंपिक खिलाड़ी भी दिखाई देंगे

हरियाणा की ओर ओर से इस बार निकाली जाने वाली झांकी में आखिरी भाग में गुरुग्राम की ऊंची-ऊंची बिल्डिंग दिखाए जाएंगे। इसके ऊपर पांच खिलाड़ी लाइव दिखाई देंगे, जिन्होंने पैरालंपिक में मेडल जीतकर हरियाणा का नाम पूरी दुनिया में उजागर किया है। इसमें योगेश कथुनिया, नितेश कुमार, हरविंदर सिंह, अरुणा और तरुण शामिल हैं। दुनिया में खेले जाने वाले ओलंपिक, पैरालंपिक और अन्तर्राष्ट्रीय खेलों में देश के खिलाड़ियों द्वारा जीते गए पदकों में हरियाणा का बड़ा योगदान होता है।

इस थीम पर थीं पिछली झांकियां

इससे पहले 2024 में हरियाणा को ओर से मेरा परिवार-मेरी पहचान की थीम गणतंत्र दिवस के मौके पर झांकी निकाली गई थी। वहीं, 2023 में झांकी को गीता महोत्सव का थीम दिया गया था। इसके अलावा 2022 में खेल में नंबर वन थीम पर झांकी निकाली गई थी।

ये भी पढ़ें: हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला: प्रदेश में अब लोगों को फिर से बनवाना पड़ेगा जाति प्रमाण पत्र, जानिये पूरी डिटेल्स

Similar News