अभय चौटाला ने किया भूपेंद्र हुड्डा पर वार, कहा- पूर्व सीएम की वजह से मचेगी कांग्रेस में भगदड़

हरियाणा के पलवल में गुरुवार को देर शाम अभय सिंह चौटाला ने भूपेंद्र हुड्डा पर वार करते हुए कहा कि पूर्व सीएम की वजह से इस बार कांग्रेस में भगदड़ मचने वाली है।

Updated On 2024-06-21 16:13:00 IST
पलवल में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधायक अभय सिंह चौटाला।

हरियाणा के पलवल में बीते दिन यानी गुरुवार को देर शाम इनेलो के प्रधान महासचिव एवं विधायक अभय सिंह चौटाला ने कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित किया। बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को हराने के लिए लोगों ने इंडिया गठबंधन को वोट देने के लिए मन बना लिया था, लेकिन इस बार विधानसभा चुनाव में सभी लोग इनेलो को ही वोट करेंगे।

'भाजपा की मदद करने में लगे हुए थे हुड्डा'

अभय सिंह चौटाला ने कहा कि पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा लगातार भारतीय जनता पार्टी की मदद करने में लगे हुए थे। उन्होंने ये भी कहा कि अगर हुड्डा इंडिया गठबंधन में इनेलो को लेकर किस भी तरह के नियमों का पालन न करते, तो शायद प्रदेश में भाजपा एक भी सीट नहीं जीत पाती। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि हुड्डा पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर को जिताना चाहते थे। इसी वजह से प्रदेश में पूर्व सीएम के खिलाफ कमजोर उम्मीदवार को चुनाव लड़ने के लिए मैदान में उतारा था।

राष्ट्रीय पार्टियां अपनी मर्जी से लेते हैं फैसले

अभय सिंह ने कहा कि पूर्व सीएम चौधरी ओम प्रकाश चौटाला की एक सोच रही है। यदि लोकसभा में ज्यादा क्षेत्रीय दल के उम्मीदवार जीत कर नहीं जाएंगे तो राष्ट्रीय पार्टियां अपनी मनमर्जी से फैसले लेकर आम जनता के खिलाफ कानून बनाएंगे। क्योंकि राष्ट्रीय दल पूंजीपतियों के हितों के लिए कानून बनाते हैं। इन पार्टियों को आम आदमी से कोई लेना-देना नहीं है।

कांग्रेस ने पहले ही तैयार कर लिया था कृषि कानून

अभय सिंह चौटाला ने यह भी कहा कि साल 2005 में केंद्र में सत्ता में रहते हुए कांग्रेस ने ही तीन काले कृषि कानूनों का ड्राफ्ट तैयार किया था, लेकिन विपक्ष ने इसका विरोध किया था, जिसके कारण कृषि कानून बिल पास नहीं हो सके थे। उसके बाद भारतीय जनता पार्टी पूर्ण बहुमत केंद्र में आई और कृषि कानूनों का ऑर्डिनेंस लाकर इसे लागू कर दिया। उन्होंने कहा कि लोग अब भाजपा से ही दुखी है।

चौटाला ने किया हुड्डा पर वार

अभय सिंह ने हुड्डा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इनके गलत निर्णयों की वजह से कांग्रेस लगातार कमजोर होती जा रही है। साथ ही पार्टी में भगदड़ मची हुई है। ऐसे में यह जल्द खबर आ सकती है कि कांग्रेस के सबसे करीबी हुड्डा पार्टी छोड़ कर चले जाएंगे। उन्होंने कहा कि जब विधानसभा की टिकट बटेगी उस समय कांग्रेस में और भी ज्यादा भगदड़ मचेगी, क्योंकि हुड्डा ने एक-एक सीट पर दस से पंद्रह उम्मीदवारों को टिकट देने का आश्वासन दे रखा है।

Similar News