Karnal में आज भी मुख्यमंत्री हैं मनोहर लाल: प्रेम नगर स्थित उनके आवास के बाहर लगा बोर्ड कर रहा प्रमाणित

हरियाणा के करनाल में लोकसभा प्रत्याशी पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल आज भी मुख्यमंत्री हैं। प्रेम नगर स्थित उनके आवास के बाहर लगा बोर्ड आज भी इस बात को प्रमाणित करता है।

Updated On 2024-04-16 21:12:00 IST
मनोहर लाल के आवास के बाहर लगे बोर्ड पर लिखा सीएम मनोहर लाल।  

धर्मेंद्र खुराना, करनाल: करनाल से लोकसभा प्रत्याशी व हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल आज भी करनाल में मुख्यमंत्री हैं। प्रेम नगर स्थित उनके आवास के बाहर लगा बोर्ड आज भी इस बात को प्रमाणित करता है। भले ही उनके आवास पर लगी नेम प्लेट पर उनके नाम के आगे पूर्व लिख दिया हो, लेकिन बाहर लगे बोर्ड पर अभी तक वह मुख्यमंत्री ही बने हुए हैं। इतना ही नहीं, पार्टी की ओर से भेजे जा रहे हैं समाचारों में भी अभी कई जगह पर मनोहर लाल को भूलवश मुख्यमंत्री लिखा जा रहा है। भले ही पार्टी ने उन्हें लोकसभा प्रत्याशी बना दिया हो, लेकिन उनके लाव लश्कर को देखते हुए ऐसा नहीं लगता कि वह पूर्व मुख्यमंत्री हैं शायद यही वजह है कि वर्करों के जहन में भी अभी वह मुख्यमंत्री के रूप में बैठे हुए हैं।

सेक्टर 6 में किराए पर लिया मनोहर लाल ने मकान

ज्ञात रहे कि लोकसभा प्रत्याशी घोषित होने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सेक्टर 6 में किराए का मकान लिया है, जहां से वह पूरे चुनाव प्रचार की बागडोर संभाले हुए हैं। सभी वर्करों और मिलने जुलने वालों का भी यहीं आना-जाना होता है। इससे पहले जब वह पहली बार मुख्यमंत्री बने थे, तब प्रेम नगर में उन्होंने किराए का मकान लिया था। उसके बाद दूसरे टर्म में प्रेम नगर स्थित 719 नंबर मकान को खरीदकर पार्टी कार्यालय बनाया। बाद में इसे मुख्यमंत्री का सरकारी आवास बना दिया, जहां लोगों की समस्याएं सुनी जाती थी। अब जब वह लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं और उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है, उसके बावजूद भी उनके प्रेम नगर स्थित आवास पर मुख्यमंत्री का ही बोर्ड लगा हुआ है।

मनोहर लाल ने सीएम पद के साथ विधायक पद से भी दिया था इस्तीफा

बता दें कि बीती 12 मार्च को मनोहर लाल ने अपने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया था और अगले दिन यानि 13 मार्च को विधानसभा सदस्यता भी त्याग दी थी। करनाल विधानसभा सीट उपचुनाव के लिए खाली कर दी थी, जहां से भाजपा के कुरुक्षेत्र से सांसद नायब सैनी को मुख्यमंत्री घोषित करते हुए करनाल सीट से उम्मीदवार बना दिया। अब उन्हें मुख्यमंत्री बने रहने के लिए यह उपचुनाव जीतना जरूरी है। हालांकि करनाल में उन्होंने अपने विधानसभा चुनाव के कार्यालय का उद्घाटन कर दिया है लेकिन उनका सरकारी आवास कौन सा होगा, यह अभी तय नहीं हो पाया है।

Similar News