यमुनानगर में बड़ा हादसा: रतौली गांव में मिट्टी का ढांग गिरा, नीचे दबने से दो महिलाओं की मौत, छह घायल 

रमजान पर्व से पहले कच्चे घरों की खुदाई करने के लिए मिट्टी लेने गई हुई थी महिलाएं। एक साथ खुदाई करते समय अचानक मिट्टी गिरने से हुआ हादसा।

Updated On 2024-04-05 13:04:00 IST
यमुनानगर में मिट्टी गिरने से घायलों को अस्पताल ले जाते हुए व अस्पताल में उपचाराधीन घायल।

यमुनानगर। वीरवार सुबह साढौरा क्षेत्र के रतौली गांव में शुक्रवार सुबह मिट्टी का ढांग गिर गया। जिससे रमजान पर्व पर अपने घरों को पोतने के लिए मिट्टी लेने गई महिलाओं सहित आठ ग्रामीण मिट्टी के नीचे दब गए। जिनमें से दो महिलाओं की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। मृतकों में रतौली गांव की 52 वर्षीय सतारा व 28 नसरीना शामिल है। हादसे की सूचना से गांव में हड़कंप मच गया तथा आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने मिट्टी के नीचे दबे लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

आसपास काम कर रहे लोगों ने निकाला बाहर 

जानकारी के अनुसार गांव की महिलाएं रजमान पर्व पर घरों को पोतने के लिए मिट्टी के ढांग से मिट्टी लेने के लिए गई हुई थी। ढांग से मिट्टी की खुदाई करते समय अचानक मिट्टी खिसकर नीचे गिर गई तथा खुदाई कर रही महिलाएं उसके नीचे दब गई। जिन्हें आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने सतारा (52), नसरीना (28) को मृत घोषित कर दिया। जबकि परवेज (14), अफसाना (35), मंजूर हसन (32), मंजूर हसन की पत्नी सलमा (29), इनकी छह साल की बेटी मुस्कान और मंजूर हसन की बहन सूफी (17) उपचाराधीन है।

11 को मनाया जाएगा ईद

ज्ञात रहे अभी रमजान का महीना चल रहा है तथा क्षेत्र में 11 अप्रैल को ईद का पर्व मनाया जाएगा। जिससे पूर्व ग्रामीण अपने कच्चे मकानों की मिट्टी से पुताई कर उन्हें सजाना चाहते हैं। घरों को पोतने के लिए महिलाएं गांव के बाहर मिट्टी के टीले से मिट्टी लेकर आती है। जब सभी एकसाथ मिट्टी को ढांग से खोद रहे थे, तभी एक बड़ा मिट्टी का ढेर इन सब के ऊपर आकर गिर गया। ढेर के गिरने की आवाज सुनकर आसपास बने घरों में रहने वाले व खेतों में काम कर रहे किसान तुरंत भाग कर मौके पर पहुंचे।

Similar News