लोकसभा चुनाव 2024 : थम गया शोर, दांव पर दिग्गजों की प्रतिष्ठा, 10 सीटों के लिए मैदान में 223 चुनावी 'योद्धा'

2024 में सभी 10 सीट जीतने का सपना देख रही भाजपा को इस बार हरियाणा में कांग्रेस से कड़ी चुनौती मिल रही है 2, 01, 87, 911 मतदाता 223 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। 

Updated On 2024-05-24 11:11:00 IST
प्रतीकात्मक चुनाव। 

मोहन भारद्वाज/मनोज वर्मा, रोहतक। शनिवार को प्रदेश की 10 लोकसभा सीटों पर होने वाले मतदान से पहले वीरवार शाम करीब एक माह बाद धोतु का शोर थम गया। भले ही चुनाव में प्रदेश की सभी 10 लोकसभा सीटों पर भाजपा व कांग्रेस के बीच आमने सामने की टक्कर मानी जा रही है, परंतु इस बार के चुनाव में प्रदेश के कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर रहेगी। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल, पूर्व उपप्रधानमंत्री के बेटे रणजीत चौटाला, पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे दीपेंद्र हुड्डा व अभय चौटाला, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, कृष्णपाल गुजर व कुमारी सैलजा, जयप्रकाश व महेंद्र प्रताप और उद्योगपति नवीन जिंदल व सुशील गुप्ता, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर व फूलचंद मुलाना के बेटे वरूण चौधरी व पूर्व मंत्री की पत्नी बंतो कटारिया के साथ फिल्म अभिनेता राजबब्बर और देवीलाल की पौत्रवधू नैना और सुनैना का नाम प्रमुखता से लिया जा सकता है।

भाजपा का पिछले लोकसभा चुनावों का प्रदर्शन

भाजपा ने 2014 में प्रदेश की 10 में 8 और 2019 में सभी 10 सीटों पर जीत दर्ज की थी। 2014 में रोहतक से कांग्रेस के दीपेंद्र हुड्डा व सिरसा से इनेलो के चरणजीत सिंह रोडी के सिर जीत का सेहरा बंधा था। इससे पहले भाजपा ने कारगिल युद्ध हुए चुनाव में बंसीलाल की पार्टी हविपा के साथ गठबंधन कर प्रदेश की सभी 10 सीटों पर जीत हासिल की थी। 2024 में सभी 10 सीट जीतने का सपना देख रही भाजपा को इस बार हरियाणा में कांग्रेस से कड़ी चुनौती मिल रही है। प्रदेश के 2, 01, 87, 911 मतदाता 223 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।

इन दिग्गजों ने किया प्रचार

चुनाव प्रचार के अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भिवानी महेंद्रगढ़ के पाली रैली की। प्रियंका गांधी ने पानीपत में रैली व सिरसा में रोड शो किया। पिछले एक सप्ताह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अंबाला व गोहाना, राहुल गांधी दादरी व सोनीपत, नितिन गडकरी कोसली, मल्लिकार्जुन खड़गे यमुनानगर, योगी आदित्यनाथ सिरसा व कुरूक्षेत्र, जेपी नड्डा रोहतक व जींद, राजनाथ सिंह भिवानी, करनाल में एनसीसी नेता शरद पंवार सहित भाजपा व कांग्रेस के कई दिग्गज हरियाणा में प्रचार के लिए आ चुके हैं।

कहां किसके बीच मुकाबला

2024 के लोकसभा चुनाव में दिग्जजों के साथ हरियाणा के सियासी घरानों की प्रतिष्ठा भी दांव पर है। करनाल में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल को पहली बार चुनाव लड़ रहे कांग्रेस के युवा चेहरा दिव्यांशु बुद्धिराजा चुनौती दे रहे हैं। रोहतक में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बेटे एवं प्रदेश कांग्रेस का युवा चेहरा बन चुके दीपेंद्र हुड्डा को 2019 में हरा चुके भाजपा के डॉ. अरविंद शर्मा फिर से चुनौती दे रहे हैं। गुरुग्राम में भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ रहे पूर्व मुख्यमंत्री राव बिरेंद्र सिंह के बेटे एवं स्वतंत्रा सेनानी राव तुलाराम के नाती केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह को फिल्म अभिनेता राजबब्बर चुनौती दे रहे हैं।

कुरुक्षेत्र में उद्योगपति नवीन जिंदल को उद्योगपति आप के सुशील गुप्ता व इनेलो से पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के बेटे अभय सिंह चौटाला से चुनौती मिल रही है। हिसार में भाजपा के पूर्व उपप्रधानमंत्री देवीलाल के बेटे रणजीत सिंह चौटाला को कांग्रेस के दिग्गजों में शुमार जयप्रकाश उर्फ जेपी के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला की पुत्रवधू नैना जजपा व सुनैना इनेलो की टिकट पर चुनाव मैदान में चुनौती दे रही हैं। सिरसा में कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ रही पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष रही कुमारी सैलजा को भाजपा की टिकट पर कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष रहे अशोक तंवर चुनौती दे रहे हैं।

भिवानी महेंद्रगढ़ में भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ रहे पूर्व मंत्री धर्मबीर सिंह को कभी उनके अच्छे दोस्त रहे एवं पूर्व सीपीएस राव दानसिंह चुनौती दे रहे हैं। अंबाला में पूर्व मंत्री रत्न लाल कटारिया के निधन के बाद पहली बार भाजपा की टिकट पर चुनाव मैदान में उतरी उनकी पत्नी बंतो कटारिया को कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष फूलचंद मुलाना के बेटे वरूण चौधरी तो फरीदाबाद में केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष कृष्णपाल गुजर को पूर्व मंत्री महेंद्र प्रताप चुनौती दे रहे हैं। सोनीपत में भाजपा और कांग्रेस दोनों ने ही नए चेहरों पर दांव चला है। भाजपा ने विधायक मोहन लाल बड़ौली तो कांग्रेस ने सतपाल ब्रह्मचारी को चुनाव मैदान में उतारा है।

कहां कितने उम्मीदवार

25 मई को होने वाले चुनाव में प्रदेश की 10 लोकसभा सीटों पर 2, 01, 87,911 मतदाता 223 उम्मीदवारों के भाग अपनी उंगली के इशारे से ईवीएम में कैद करेंगे। प्रदेश के 2,01,87,911 में से 1,06,52, 345 पुरुष, 9423956 महिला मतदाताओं में 3,53, 309 नए मतदाता हैं। प्रदेश में सबसे अधिक 31 उम्मीदवार कुरूक्षेत्र व सबसे कम 14 अंबाला सीट पर चुनाव लड़ रहे हैं। करनाल में 19, भिवानी महेंद्रगढ़ में 17, फरीदाबाद में 24, गुरुग्राम में 23, रोहतक में 26, हिसार में 28, सिरसा में 19 व सोनीपत में 23 उम्मीदवार चुनाव मैदान हैं, परंतु प्रदेश की 10 में से 9 सीटों पर भाजपा व कांग्रेस में आमने सामने की टक्कर है। जबकि कुरूक्षेत्र सीट पर भाजपा के नवीन जिंदल के सामने इंडी गठबंधन में आप के सुशील गुप्ता चुनावी ताल ठोंक रहे हैं। इनेलो के अभय चौटाला ने यहां मुकाबले को तिकोणा बना हुआ है। ऐसे समझे कहां कुल कितने मतदाता और कितनी महिलाएं व कितने पुरुष।

सिरसा
कुल वोट     पुरुष               महिला          थर्ड जेंडर    नए मतदाता
19,37,699    1023209    914437        43
रोहतक 
18,89,844    1080000    889743
अंबाला
 20, 03,510     10,23,684   9,62,992
कुरुक्षेत्र
17,94,300     9,40, 815     8,53, 461    24     31845
गुरुग्राम 
25,73,,401    13,61,505    12,11,828    78
सोनीपत 
17,77,008     9,53,328     8,23,636     44    43,815
हिसार 
1790722     955230    835481     11    37715
भिवानी महेंद्रगढ़
17,93,029    9,46,029    8,47,287
करनाल 
21,04,0 26     11, 07, 485     9,96, 503  38

प्रदेश में चर्चित तीन महिला उम्मीदवार

भले ही प्रदेश में विभिन्न दलों व निर्दलियों को मिलकर 223 उम्मीवार चुनाव मैदान में खड़े हो, परंतु मुकाबला भाजपा व कांग्रेस के बीच है। 223 उम्मीदवारों में तीन महिला उम्मीदवार भी खासी चर्चा में हैं। जिनमें हिसार लोकसभा सीट से पूर्व उपप्रधानमंत्री ताऊ देवीलाल की पौत्रवधू एवं पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला की पुत्रवधू नैना और सुनैना (जेठानी-देवरानी) न केवल एक दूसरे के सामने मैदान में उतरी हुई है, बल्कि भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ रहे प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री अपने चाचा ससुर रणजीत सिंह चौटाला व कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ रहे देवीलाल के देवीलाल की राजनीतिक पाठशाला के छात्र रहे जयप्रकाश उर्फ जेपी को चुनौती भी दे रही हैं। अंबाला में पूर्व मंत्री रत्न लाल कटारियां की पत्नी बंतो कटारियां भाजपा की टिकट पर पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में डटी हुई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी जिनका प्रचार करने के लिए अंबाला आ चुके हैं।

Similar News