Haryana:  पहाड़ों की बर्फिली हवाएं बरपा रही कहर, तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज 

पहाड़ों से लेकर मैदानी राज्यों पर उत्तरी बर्फिली हवाओं ने कहर बरपाया हुआ है। हरियाणा एनसीआर दिल्ली में कड़ाके की ठंड अपनी चरम स्थितियों में पहुंची हुई है।

Updated On 2024-01-17 21:55:00 IST
सर्दी से बचाव के लिए सरसों की फसल में सिंचाई करते हुए।

Haryana: पहाड़ों से लेकर मैदानी राज्यों पर उत्तरी बर्फिली हवाओं ने कहर बरपाया हुआ है। हरियाणा एनसीआर दिल्ली के साथ विशेषकर नारनौल जिले में कड़ाके की ठंड अपनी चरम स्थितियों में पहुंची हुई है। जिससे समूचे उत्तर भारत समेत हरियाणा एनसीआर दिल्ली में हाड़ कंपा देने वाली ठंड का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। वातावरण में नमी की प्रचुरता होने, साथ ही साथ शांत हवाओं की स्थिति होने की वजह से कोहरा हटने का नाम नहीं ले रहा, जिसके कारण हरियाणा एनसीआर दिल्ली में वातावरण के ऊपरी और निचले स्तर पर कोहरे की सफेद चादर सम्पूर्ण इलाके को अपने आगोश में लिए हुए हैं। ऊपरी कोहरे की परत की वजह से सूर्य के दर्शन नहीं हो पा रहे।

हरियाणा में कुछ स्थानों पर कोल्ड डे व कुछ पर गंभीर कोल्ड की बनी स्थिति

ठंड के बढ़ते प्रकोप के कारण प्रदेश के कुछ स्थानों पर कोल्ड डे व कुछ स्थानों पर गंभीर कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है। साथ ही निचले स्तर के कोहरे से रफ्तार पर ब्रेक लगा हुआ है और परिवहन के साधन रेंगने को मजबूर हैं। दिन का तापमान लुढ़क रहा हैं। कुछ स्थानों पर दिन का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस और उससे भी नीचे दर्ज हो रहा हैं। साथ ही पिछले डेढ़ महीने से हरियाणा एनसीआर दिल्ली में बारिश की गतिविधियां नदारद है, जिसकी वजह से सम्पूर्ण इलाके में रिकॉर्ड तोड़ सूखी ठंड अपने प्रचण्ड तेवरों से आगाज किए हुए हैं।

हरियाणा एनसीआर दिल्ली में चल रही शीतलहर

हरियाणा एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर शीतलहर लहर व कुछ स्थानों पर गंभीर शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। पारा लुढ़क कर हिमांक बिंदु के आसपास पहुंच गया है। अधिकतर स्थानों पर रात्रि तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हो रहा हैं। वर्तमान परिदृश्य में 16 जनवरी को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी व मैदानी राज्यों विशेषकर हरियाणा एनसीआर दिल्ली में हल्की बादलवाही देखने को मिली। जिसकी वजह से तापमान में आंशिक तौर पर बढ़ोतरी हुई है।

सुबह-शाम बनी रहेगी शीतलहर व कोल्ड डे की स्थिति

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चन्द्रमोहन ने बताया कि बुधवार को हरियाणा एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर रात्रि तापमान 3 डिग्री सेल्सियस से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया। सम्पूर्ण राज्य में एक ही दिन में रात के तापमान एक डिग्री सेल्सियस से 5 डिग्री सेल्सियस तक का उछाल देखने को मिला, जबकि अभी भी सम्पूर्ण इलाके में रात्रि तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ हैं। सम्पूर्ण इलाके में नमी की मात्रा में बढ़ोतरी हुई, जिसकी वजह से सम्पूर्ण इलाके में एक बार फिर से निचले स्तर पर कोहरा देखने को मिला। दोपहर बाद सूर्य के दर्शन हुए और चमकदार तथा सुनहरी धूप खिलने से आमजन को हाड़ कंपा देने वाली ठंड से राहत मिली। यानी आने वाले दिनों में अभी आमजन को हाड़ कंपा देने वाली ठंड से राहत के आसार नहीं हैं। सुबह के समय कोहरा, शीतलहर और कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी। अभी एक सप्ताह मौसम आमतौर पर शुष्क बना रहेगा। इसलिए भारतीय मौसम विभाग ने हरियाणा एनसीआर दिल्ली पर ऑरेंज व येलो अलर्ट जारी किया हुआ है।

Tags:    

Similar News