ठंड के लिए हो जाएं तैयार: सोनीपत के बाद हिसार सबसे ठंडा, पर्वतीय इलाकों से मैदानी क्षेत्रों की तरफ चल रही तेज हवा

हरियाणा में पर्वतीय इलाकों से प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने से हरियाणा के क्षेत्रों में रात्रि पारे में तेजी से गिरावट आई। न्यूनतम तापमान घटने लगा है।

Updated On 2024-12-05 21:59:00 IST
हरियाणा में चल रही ठंडी हवाएं। 

हरियाणा: पर्वतीय इलाकों से प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने से हरियाणा के क्षेत्रों में रात्रि पारे में तेजी से गिरावट आई है। प्रदेश में वीरवार को सोनीपत के बाद हिसार सबसे ठंडा रहा। सोनीपत (Sonipat) का न्यूनतम पारा 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हिसार का रात्रि पारा 6 डिग्री सेल्सियस रहा। हिसार का न्यूनतम पारा सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि रात्रि पारे में अभी और गिरावट आएगी, जिससे लोगों को ठंड का अहसास होगा।

तापमान में आ रही तेजी से गिरावट

जानकारी अनुसार उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में सर्दी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट देखने को मिल रही है। सर्द हवाओं के चलते दिन और रात का तापमान गिरता जा रहा है और अगले कुछ दिनों में ठंड बढ़ने की संभावना है। वीरवार को शीत लहर के कारण हल्की ठिठुरन महसूस की गई। हरियाणा के अधिकतर इलाकों में न्यूनतम पारा तेजी से गिरा है। प्रदेश में न्यूनतम पारा 5.3 से 12.3 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। प्रदेश में न्यूनतम पारा में सामान्य से औसतन 3.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

कल और परसों आंशिक बादलवाई की संभावना

हरियाणा कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ (Dr. Madan Khichad) के अनुसार प्रदेश में मौसम आमतौर पर 8 दिसंबर तक खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान 6 दिसंबर तक उत्तरी व उत्तर पश्चिमी ठंडी हवाएं हल्की गति से चलने से रात्रि तापमान में हल्की गिरावट आने तथा कहीं कहीं अलसुबह हल्की धुंध छाए रहने की संभावना है। 7 दिसंबर से एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से हवाओं में बदलाव, जिससे उत्तर पूर्वी हवाएं हल्की गति से चलने की संभावना से राज्य में 7 व 8 दिसंबर को आंशिक बादलवाई की संभावना है।

Similar News