जनसभा में बोले पूर्व वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु: प्रदेश के युवा अब दोबारा पर्ची व खर्ची का नहीं बनने देंगे माहौल 

कैप्टन अभिमन्यु ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि सभी कार्यकर्ता पूरी मजबूती से संकल्प लेकर आज से ही बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने में जुट जाएं।

Updated On 2024-07-12 20:27:00 IST
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु।

Narnaund: पूर्व वित्त मंत्री व वरिष्ठ भाजपा नेता कैप्टन अभिमन्यु ने आह्वान किया कि सभी कार्यकर्ता पूरी मजबूती से संकल्प लेकर आज से ही बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने में जुट जाएं। प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी। कैप्टन अभिमन्यु ने गांव लोहारी राघो व नारनौंद में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। पूर्व वित्त मंत्री ने कहा कि कार्यकर्ताओं में जोश है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पंचकूला में कार्यकर्ताओं की बैठक करके उनमें जोश भरने का काम किया है। उसके बाद प्रत्येक जिले में भाजपा की बैठक चल रही है और मंडल स्तर पर भी बैठक का आयोजन करके कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने की जिम्मेवारी लगाई जा रही है।

नारनौंद की जनता को अपनी ताकत को पहचानना होगा

कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि नारनौंद हलके में भाजपा ने ही विकास करवाने का काम किया है। बाकी पार्टियों ने हलके को पीछे धकेलने का काम किया है। आपको धर्म जाल में फंसाकर आपके वोट लूटना चाहते हैं। लेकिन अबकी बार उनके बहकावे में नहीं आना। हलके के लोगों को अपनी ताकत को पहचानना होगा। विपक्षी पार्टी के नेता आज किस मुंह से हिसाब मांगने की बात कर रहे हैं। उनके समय में प्रदेश में नौकरियां बेची जाती थी। जो युवा मेरिट लेकर पास होते थे उनके साथ अन्याय होता था। सिर्फ पर्ची और खर्ची के हिसाब से नौकरियां दी जाती थी। लेकिन प्रदेश के युवा अब पर्ची और खर्ची का माहौल दोबारा नहीं बनने देंगे। विपक्षी पार्टी के नेता खुले मंच पर आकर बहस करें हर बात का हिसाब दिया जाएगा।

भाजपा ने अपने कार्यकर्ता को मान-सम्मान दिया

कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने 36 बिरादरी के लोगों के लिए जो घोषणा की है। उससे लोगों को काफी सुविधा मिली हैं। भाजपा पार्टी ही देश में ऐसी पार्टी है जो कि अपने कार्यकर्ता को मान सम्मान देकर आगे बढ़ाती हैं। भाजपा ने मोहनलाल बड़ोली को प्रदेशाध्यक्ष बनाकर यह साबित कर दिया है कि मेहनत करने वाला कार्यकर्ता इस पार्टी में उच्च पदों तक जा सकता है। बाकी पार्टियों में सिर्फ परिवार के लोगों को ही आगे बढ़ाया जाता है।

इनेलो-बसपा गठबंधन पर किया कटाक्ष

कैप्टन अभिमन्यु ने इनेलो और बसपा के गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि शून्य और शून्य का अर्थ जीरो होता है। जनता ने इनको नकार दिया है। हांसी में हुई घटना के बारे में कहा कि अपराधियों पर अंकुश लगना चाहिए और पुलिस को जल्द से जल्द सभी अपराधियों को गिरफ्तार करके कड़ी सजा देनी चाहिए ताकि भविष्य में वह ऐसी घटनाओं को अंजाम देने से उनके मन में डर का माहौल हो।

Similar News