प्रदेश में छाया सीजन का सबसे घना कोहरा: 20 मीटर से कम रही विजिबिलिटी, वाहनों की रफ्तार को लगे ब्रेक

हरियाणा में सीजन का सबसे घना कोहरा शनिवार को नजर आया। घने कोहरे के चलते जनजीवन प्रभावित रहा। रात व सुबह के समय शीतलहर चलने से ठिठुरन बढ़ गई।

Updated On 2025-01-04 22:18:00 IST
शनिवार सुबह छाया घना कोहरा। 

हरियाणा: प्रदेश में सीजन का सबसे घना कोहरा शनिवार को नजर आया। घने कोहरे के चलते जनजीवन प्रभावित रहा। रात व सुबह के समय शीतलहर (Cold Wave) चलने से ठिठुरन बढ़ गई। घने कोहरे के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कोहरे के कारण सुबह काम पर जाने वाले लोगों और मजदूर वर्ग को परेशानी का सामना करना पड़ा। शनिवार को कोहरे में विजिबिलिटी 20 मीटर से भी कम रही, जिसके कारण वाहन हेडलाइट जलाकर धीमी गति से चलते नजर आए।

तीन दिन तक छा सकता है कोहरा व बादल

मौसम विभाग ने आगामी तीन दिन तक कोहरा और बादल छाए रहने की चेतावनी दी है। हालांकि 10 बजे के बाद कोहरा पूरी तरह साफ हो गया और धूप ने लोगों को कड़ाके की ठंड से राहत दी। घने कोहरे के कारण हाइवे पर भी वाहन रेंगते हुए नजर आए। मौसम विभाग (Meteorological Department) के अनुसार सात जनवरी तक बारिश की संभावना जताई जा रही है। रात से सुबह तक छाया कोहरा सीजन का सबसे घना कोहरा माना जा रहा है। सुबह घने कोहरे के कारण ओस की बूंदें भी नजर आई। साथ ही शहर, हाइवे व स्टेट हाइवे पर वाहनों की रफ्तार को ब्रेक लग गए। मौसम विभाग के अनुसार आगामी सप्ताह तक मौसम परिवर्तनशील बना रह सकता है।

धूप निकलने से रबी की फसलों को फायदा

गत दिनों हुई बरसात के बाद निकली धूप रबी की फसलों पर रौनक लाने का काम कर रही है। सरसों और गेहूं की फसलों को फायदा होने लगा है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार इन दिनों की हल्की बारिश सरसों व गेहूं की फसलों के लिए लाभकारी साबित होगी। लगातार कोहरा (Fog) छाए रहने से फसलों को रोग लग सकता है, लेकिन धूप निकलने से फसलों का अच्छा विकास हो रहा है। इस समय किसानों को निरंतर गेहूं व पछेती सरसों की हल्की सिंचाई करनी चाहिए।

आगामी तीन दिन घना कोहरा कर सकता परेशान

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि एनसीआर में घने कोहरे के साथ ठंड का लगातार असर देखने को मिल रहा है। शनिवार को एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय होने से 5 व 6 जनवरी को सम्पूर्ण इलाके में एक बार फिर से मौसम में बदलाव, आंशिक बादल छाने और उत्तरी व कुछ पूर्वी हिस्सों में बूंदाबांदी की संभावना बन रही हैं। सात जनवरी को एक बार फिर से हवाओं का रूख उत्तरी बर्फीला होने से कोहरा व भीषण शीत लहर चलने की भी संभावना है।

Similar News