Fatehabad में खूनी संघर्ष: बैजलपुर में 2 परिवारों में हुआ विवाद, बच्चों सहित दर्जनभर लोग घायल 

फतेहाबाद में दाे परिवारों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। मामले में दर्जनभर लोग घायल हो गए, जिनमें महिला व बच्चे शामिल है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर हमला करने का आरोप लगाया।

Updated On 2024-03-04 19:55:00 IST
सरकारी अस्पताल में उपचाराधीन झगड़े के घायल।

Fatehabad: गांव बैजलपुर में दो परिवारों में खूनी संघर्ष हो गया। बच्चों के बीच हुई कहासुनी के बाद दोनों तरफ के लोगों में जमकर गंडासे, डंडे और ईंटें चली। इसमें करीब 12 व्यक्ति घायल हो गए। इनमें महिलाएं व बच्चे भी शामिल हैं। घायलों को फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों पक्ष एक दूसरे पर झगड़ा करने के आरोप लगा रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में जांच पड़ताल शुरू की। पुलिस दोनों पक्षों के लोगों से पूछताछ कर रही है।

बच्चों के बीच शुरू हुई थी मामूली कहासुनी

गांव बैजलपुर में हुए विवाद में एक पक्ष के ईश्वर सिंह ने बताया कि वह मजदूरी करता है। कल शाम को दोनों पक्षों के बच्चों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी, जिसे निपटा दिया गया। इसके बाद देर रात को संजय, पवन, मोनू व कुछ अन्य लोग लाठी डंडे, गंडासी लेकर उनके घर आ गए। उन्होंने ईश्वर सिंह की पत्नी सुमन को उठाने का प्रयास किया तो उसके बेटे भूपेश ने उसे छुड़ाने का प्रयास किया। ऐसे में उसके ऊपर भी हमला कर दिया। इसके बाद उसने व उसके परिवार के अन्य लोगों ने बीच बचाव किया तो उन पर लाठी डंडों से हमला कर घायल कर दिया। घायलों में 42 वर्षीय ईश्वर सिंह, 38 वर्षीय पत्नी सुमन, उसके बेटे 14 वर्षीय भूपेश, बेटी 17 वर्षीय आंचल, कल्पना, ईश्वर के भाई 46 वर्षीय महेंद्र, भाभी अनीता, उनका रिश्तेदार ओमप्रकाश को चोट लगी।

दूसरे पक्ष ने ईश्वर सिंह के परिवार पर लगाया झगड़ा करने का आरोप

दूसरे पक्ष से घायल संजय के पिता कृष्ण ने बताया कि उसका बेटा गांव में ही उसकी बहन रितु की कपड़ों की दुकान पर काम करता है। कल शाम को पड़ोस में रहने वाले ईश्वर सिंह के परिवार के युवकों ने वहां आकर पैसों को लेकर झगड़ा शुरू कर दिया, जिसके बाद अन्य लोगों ने ईंटों से उन पर हमला किया। घायल रितु ने बताया कि वह अपनी बड़ी दुकान संभालने उकलाना गई थी, बाद में फोन पर उसे सूचना मिली तो वह गांव बैजलपुर वाली दुकान में पहुंची, जहां सारी दुकान तहस नहस थी। मामले में 24 वर्षीय संजय, उसके पिता 50 वर्षीय कृष्ण कुमार, 50 वर्षीय राम सिंह, रितु आदि को चोटें लगी हैं, जिन पर विजय, राहल, भरतू, साहिल आदि ने ईंटों से हमला किया था। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।

Similar News