शादी का बंधन: हिमाचल के डिप्टी CM की बेटी बनेंगी हरियाणा की बहू, झज्जर के IAS के साथ लेंगीं 7 फेरे
रिश्ते की जानकारी खुद मुकेश अग्निहोत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की। यह शादी दो अलग-अलग राज्यों के प्रतिष्ठित परिवारों को एक साथ जोड़ेगी। शादी की तारीख की घोषणा अभी नहीं की गई है।
सचिन शर्मा और आस्था अग्निहोत्री।
हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के घर खुशियों का माहौल है। उनकी इकलौती बेटी डॉ. आस्था अग्निहोत्री जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं। उनका रिश्ता हरियाणा के झज्जर जिले के रहने वाले IAS अधिकारी सचिन शर्मा से तय हुआ है। यह खबर खुद मुकेश अग्निहोत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की है।
आस्था और सचिन का परिचय
डॉ. आस्था अग्निहोत्री शिमला स्थित हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी (HPU) में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। वहीं, उनके मंगेतर सचिन शर्मा हिमाचल कैडर के एक युवा और होनहार IAS अधिकारी हैं। वर्तमान में वह ऊना के अंब में उपमंडल मजिस्ट्रेट (SDM) के पद पर सेवाएं दे रहे हैं।
दोनों के रिश्ते की जानकारी मुकेश अग्निहोत्री ने सोशल मीडिया पर फोटो शेयर करते हुए दी, जिस पर लिखा था, परिणय सूत्र में बंधेंगे डॉ. आस्था अग्निहोत्री एवं सचिन शर्मा (IAS)। हालांकि, अभी शादी की तारीख की घोषणा नहीं की गई है।
अग्निहोत्री परिवार का राजनीतिक और शैक्षणिक सफर
मुकेश अग्निहोत्री का परिवार लंबे समय से हिमाचल की राजनीति और शिक्षा जगत से जुड़ा रहा है। मुकेश अग्निहोत्री खुद हिमाचल के सबसे प्रभावशाली नेताओं में से एक हैं और पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के करीबी माने जाते हैं। उनके पिता पंडित ओंकार चंद शर्मा भी कांग्रेस के साथ थे और 1993 में वीरभद्र सिंह के मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्हें हिमाचल प्रदेश एग्रो पैकेजिंग विभाग का उपाध्यक्ष बनाया गया था।
मुकेश अग्निहोत्री ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत 2003 में विधायक बनकर की और उसके बाद से लगातार पांच बार चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे। वह 2022 में हिमाचल के उपमुख्यमंत्री बने। आस्था की माता स्वर्गीय सिम्मी अग्निहोत्री भी HPU में कार्मिक प्रशासन विभाग में प्रोफेसर थीं। उन्होंने 1997 में शिमला के इवनिंग कॉलेज से अपने शैक्षणिक करियर की शुरुआत की थी। 2005 में HPU में एसोसिएट प्रोफेसर बनीं और 2012 में प्रोफेसर के पद पर पदोन्नत हुईं। 9 फरवरी 2024 को हार्ट अटैक से उनका निधन हो गया था।
शादी ने दोनों राज्यों में लोगों का ध्यान खींचा
यह शादी हिमाचल के एक प्रतिष्ठित राजनीतिक परिवार और हरियाणा के एक प्रशासनिक परिवार का मिलन है। यह दोनों ही परिवारों के लिए एक खुशी का मौका है और इस खबर ने हिमाचल और हरियाणा दोनों राज्यों में लोगों का ध्यान खींचा है। शादी की तारीख तय होने के बाद इसके भव्य आयोजन की उम्मीद है।