HKRN कर्मचारियों को तोहफा: हरियाणा सरकार ने 1.18 लाख कौशल कर्मियों के वेतन में 5% की बढ़ोतरी की, आदेश 1 जून से लागू

हरियाणा भाजपा सरकार ने HKRN के तहत लगे करीब 1.18 लाख कर्मचारियों के वेतन में 5 प्रतिशत वेतन बढ़ोतरी की है। वहीं, इन्हें 58 साल तक जॉब सिक्योरिटी के लेटर भी मिलने लगे हैं।

Updated On 2025-06-27 18:06:00 IST

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी।

HKRN कर्मचारियों को तोहफा : हरियाणा सरकार ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के तहत काम कर रहे कर्मचारियों को तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इन कर्मचारियों के वेतन में 5 प्रतिशत की वृद्धि का ऐलान किया है। यह फैसला राज्यभर के लगभग 1.18 लाख कर्मचारियों को सीधा लाभ देगा। इस संबंध में मानव संसाधन विभाग द्वारा आदेश जारी किए जा चुके हैं और नई वेतन दरें 1 जून 2025 से लागू होंगी।

पहले भी मिल चुका है वेतन बढ़ोतरी का लाभ

HKRN के कर्मचारियों के वेतन में यह लगातार दूसरा वर्ष है जब बढ़ोतरी की गई है। इससे पहले जुलाई 2024 में इन कर्मचारियों को 8 प्रतिशत की वेतन वृद्धि मिली थी। उस समय अलग-अलग जिलों और कर्मचारियों के स्तर के अनुसार वेतन संशोधित किया गया था। कैटेगरी-1 जिलों में लेवल-1 से 3 तक के कर्मचारियों का वेतन 18,400 से बढ़ाकर 24,084 रुपये तक किया गया था। वहीं कैटेगरी-2 और 3 के जिलों में भी सैलरी में बढ़ोतरी की गई थी।

2023 में अनुभव आधारित वेतन सुधार

वर्ष 2023 में भी HKRN के अंतर्गत कार्यरत कर्मचारियों की सैलरी में 10 से 20 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई थी, जो अनुभव के आधार पर दी गई थी। उस समय तीसरे लेवल पर 10 साल के अनुभव वाले कर्मचारियों को 20,700 रुपये तक बेसिक सैलरी दी गई थी।

सरकार की मंशा – संविदा कर्मचारियों को स्थायित्व और सम्मान

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है। HKRN के तहत जो कर्मचारी कार्यरत हैं, वे सरकारी तंत्र का एक अहम हिस्सा हैं और उनकी मेहनत का सम्मान करते हुए समय-समय पर सुधार किए जा रहे हैं।

चुनावी वादा पूरा, कर्मचारियों को जॉब सिक्योरिटी के मिलने लगे हैं लेटर

पिछले वर्ष विधानसभा चुनाव में 1.18 लाख कौशल निगम कर्मचारियों को पक्का करने का वादा प्रमुखता से प्रचारित किया गया था। भाजपा ने वादा किया था कि इन कर्मचारियों को 58 साल तक जॉब सिक्योरिटी व उचित वेतन दिया जाएगा। इसे पूरा करते हुए अब विभिन्न विभागों में इन कर्मचारियों को पत्र मिलने लगे हैं। वहीं, कुछ हद तक वेतन बढ़ोतरी भी हुई है।

Tags:    

Similar News