Gujri Mahal Hisar: आगरा का ताजमहल ही नहीं, हिसार का गुजरी महल भी है मुगल प्रेम का उदाहरण, जानें इतिहास
Gujari Mahal Haryana: हरियाणा के हिसार में मुगल सुल्तान फिरोज शाह तुगलक ने अपनी बेगम गुजरी के लिए एक महल बनवाया था, जिसका नाम था गुजरी महल। ये महल काफी खूबसूरत है।
गुजरी महल, हिसार
Gujari Mahal Haryana: आपने अक्सर प्रेम के उदाहरण के रूप में आगरा के ताजमहल का नाम सुना होगा, जिसे शाहजहां ने अपनी सबसे प्रिय बेगम मुमताज की याद में बनवाया था। हालांकि प्रेम के मामले में मुगल इतिहास का एक और शासक भी है, जिसने हरियाणा में अपनी प्रेमिका के नाम पर महल बनवाया था। बता दें कि मुगल सुल्तान फिरोज शाह तुगलक ने हरियाणा के हिसार में अपनी प्रेमिका के लिए गुजरी महल बनवाया था।
इस महल को लगभग 675 साल पहले मुगल सुल्तान फिरोज शाह तुगलक ने बनवाया था। इसका निर्माण सन 1351-75 में हुआ था। कहा जाता है कि ये महल तुगलक की एक गुजर रानी की प्रेम कहानी है। हिसार की एक दूध बेचने वाली गुजर लड़की थी, तुगलक उससे शिकार के दौरान मिला था। कहानी कुछ यूं है कि एक बार फिरोजशाह तुगलक को काफी प्यास लगी थी। वो घोड़े से नीचे गिरकर बेहोश हो गए। इसी दौरान वहां से गुजरी दूध बेचने के लिए जा रही थी। उसने तुगलक को गिरा देखकर उसे दूध पिलाया। इसके बाद फिरोज शाह तुगलक को होश आ गया।
इसके बाद फिरोजशाह अक्सर गुजरी से मिलने जाने लगा। इसी दौरान सुल्तान उसके प्यार में पड़ गया। उस समय फिरोज शाह तुगलक को राज सिंहासन नहीं मिला था। जब फिरोज शाह को गद्दी मिली, तो उसने गुजरी लड़की को शादी का प्रस्ताव भेजा। लड़की ने तुरंत प्रस्ताव को स्वीकार भी कर लिया। इसके बाद दिल्ली के सुल्तान ने अपनी गुजरी रानी के लिए हिसार में महल बनवाया। इस महल का निर्माण काले रंग के पत्थरों से कराया गया। आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया की तरफ से इसे केंद्रीय संरक्षित स्मारक घोषित किया गया है।
बता दें कि गुजरी महल भव्य और खूबसूरत है, जिसमें खुली सीढ़ियां, मंडप, कमरे, नौ खंड वाली छत, पक्का तालाब, राजा का तख्त आदि हैं। इस महल के अंदर कई तहखाने हैं, जिनमें पहले हथियार रखे जाते थे और इसे कारागार के रूप में इस्तेमाल किया जाता था। गुजरी महल में दीवान-ए-आम नामक एक विशाल हॉल है, जहां बादशाह का दरबार लगता था।