Dengue Cases: हरियाणा में बढ़ रहा डेंगू का खतरा, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी

Chandigarh Dengue Cases: हरियाणा और चंडीगढ़ में डेंगू के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी की है।

Updated On 2025-10-11 16:42:00 IST

Chandigarh Dengue Cases: चंडीगढ़ में बारिश के बाद जगह-जगह पानी भर गया है। तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो गई है। ऐसे में यह वातावरण एडीज मच्छरों के प्रजनन के लिए एकदम सही है। जिसकी वजह से डेंगू का खतरा भी बढ़ गया है। बताया जा रहा है कि डेंगू के चंडीगढ़ में अब तक 5 मामले सामने आ चुके हैं। दूसरी तरफ पूरे हरियाणा में अब तक 1041 मामले डेंगू के आ चुके हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घरों और आस-पास सफाई रखने और पानी जमा न होने की सलाह दी है।

चंडीगढ़ की स्वास्थ्य निदेशक डॉक्टर सुमन सिंह ने कहा कि अब तक चंडीगढ़ में डेंगू के 5 मामलों की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि भले यह संख्या अभी कम हो लेकिन बारिश के बाद का माहौल डेंगू मच्छरों के लिए अनुकूल माना जाता है। चंडीगढ़ स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि एडीज मच्छर साफ पानी में पनपता है। इनके अंडे सूखे बर्तनों में लंबे समय तक जीवित रह सकते हैं। इस लिए विभाग ने लोगों से हफ्ते में कम से कम एक बार कूलर, पानी की टंकी, फूलदान, पक्षियों के बर्तन, बाल्टी और ट्रे को अच्छी तरह से साफ करके सुखाने की सलाह दी है।

विभाग ने लोगों को दी सलाह

विभाग का कहना है कि टूटे गमले, नारियल के छिलके, पुराने टायर, बोतलें, डिस्पोजेबल कप जैसी चीजें मच्छरों के प्रजनन की जगह बनती है। ऐसे में इस तरह की चीजों को खुली जगह पर नहीं छोड़ना चाहिए। स्वास्थ्य विभाग ने सलाह दी है कि तेज बुखार, सिरदर्द, जोड़ों और हड्डियों में दर्द, या शरीर पर लाल चकत्ते दिखने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर खुद का इलाज करवाएं, लेकिन खुद से कोई दवाई न लें।

अगर किसी को 1 हफ्ते से ज्यादा बुखार है। हड्डियों या जोड़ों में दर्द हो रहा है, तो तुरंत डेंगू का टेस्ट करवा लेना चाहिए। नाक, दांतों या उल्टी में खून आने लगे, तेज सांस लेने में दिक्कत हो या ब्लड प्लेटलेट्स कम हों, तो यह डेंगू के गंभीर लक्षण होते हैं।

डेंगू के लिए ये 2 टेस्ट जरूरी
डेंगू की जांच के लिए एन.एस.1 और आई.जी.एम. एलाइजा टेस्ट सबसे बेहतर माने गए हैं। ये टेस्ट PGI (वायरोलॉजी विभाग), GMCH-32 (माइक्रोबायोलॉजी विभाग) और GMSH-16 में फ्री मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से कहा है कि किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। सफाई और सतर्कता साथ हर नागरिक का सहयोगा जरूरी है,ताकि डेंगू के प्रकोप को रोका जा सके।

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह ने क्या कहा ?

हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह के मुताबिक, सरकारी अस्पतालों में प्लेटलेट्स (सिंगल डोनर प्लेटलेट्स) फ्री में मिलेंगी। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर सरकार प्राइवेट ब्लड बैंकों से भी प्लेटलेट्स की व्यवस्था करेगी। स्वास्थ्य मंत्री का कहना है कि अब तक पूरे राज्य में डेंगू टेस्ट के लिए 65,707 सैंपल लिए गए हैं। जिनमें अब तक 1,041 लोगों में डेंगू पाया गया है। 

गनीमत है कि किसी के मरने की सूचना नहीं है। सरकारी अस्पतालों में डेंगू की जांच बिल्कुल फ्री है। वहीं प्राइवेट अस्पतालों में इसके लिए 600 रुपए फीस ली जा रही है। ब्लॉक स्तर पर भी ब्लड सैंपल लिया जा रहा है। वहीं सरकारी अस्पतालों में भी डेंगू मरीजों के लिए 255 वार्ड और 1,091 बेड आरक्षित किए गए हैं।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

Tags:    

Similar News