गलत वीजा ने ली जान: मॉरीशस से डिपोर्ट होकर आया पांच बच्चों का पिता कर्ज से था दुखी, फंदे पर लटका मिला शव

हरियाणा के गुरुग्राम में यूपी निवासी युवक का शव फंदे पर लटका मिला। गलत वीजा के कारण मॉरीशस से डिपोर्ट होकर आने की वजह से वह परेशान था। कबूतरबाजों को उसने कर्ज लेकर दो लाख रुपये दिए थे।

Updated On 2025-06-30 17:23:00 IST
मृतक सुभाष यादव का पासपोर्ट।

गलत वीजा ने ली जान : हरियाणा के गुरुग्राम में एक 42 वर्षीय प्रवासी युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक का शव रविवार सुबह उसके किराए के मकान के बाहर एक बांस की सीढ़ी से फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के महाराजगंज निवासी सुभाष यादव के रूप में हुई है, जो हाल ही में मॉरीशस से डिपोर्ट होकर लौटा था। अब कर्ज की वजह से वह परेशान रहता था।

कर्ज पर लेकर 2 लाख रुपये एजेंटों को दिए थे

परिजनों के मुताबिक, सुभाष विदेश जाकर परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारना चाहता था। उसने कर्ज उठाकर एजेंट को करीब दो लाख रुपये देकर वीजा बनवाया। 16 जून को मुंबई से वह मॉरीशस गया था, लेकिन मॉरीशस एयरपोर्ट पर उसे टूरिस्ट वीजा के कारण प्रवेश नहीं मिला। दो दिन एयरपोर्ट पर रोके रखने के बाद 20 जून को वापस भारत भेज दिया गया। इसके बाद वह सीधे अपने घर न जाकर गुरुग्राम में नौकरी की तलाश में आ गया था। उसने कहा था कि वह कर्ज उतारकर ही घर आएगा।

परिजनों ने एजेंट को ठहराया जिम्मेदार

सुभाष के चचेरे भाई अनिल यादव ने आरोप लगाया कि उसे विदेश भेजने के नाम पर बिहार निवासी एजेंट शिव ठाकुर और उसके संपर्क में रहने वाले असगर नाम के युवक ने झांसा दिया था। वीजा फर्जी निकलने पर सुभाष ने पैसे वापस मांगे, लेकिन इनकार कर दिया गया। परिजनों का दावा है कि इसी तनाव के बीच सुभाष को योजनाबद्ध तरीके से मार दिया गया।

वीडियो कॉल के बाद संदिग्ध हालात में मौत

परिवार का कहना है कि मौत से ठीक पहले सुभाष ने अपनी पत्नी से देर रात वीडियो कॉल पर लंबी बातचीत की थी। उसने विदेश में असफलता को लेकर निराशा जताई थी, लेकिन पत्नी उसे ढांढस बंधा रही थी। उसी रात सुभाष का शव फंदे से लटका मिला, जिसकी तस्वीरें और वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

शव की स्थिति पर भी सवाल

जिस जगह पर सुभाष का शव लटका मिला, वहां सीढ़ी की ऊंचाई और रस्सी की स्थिति को देखते हुए परिजनों को संदेह है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या है। वे मांग कर रहे हैं कि पुलिस हत्या की धारा में मामला दर्ज कर निष्पक्ष जांच करे।

पांच बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

सुभाष की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। उसकी पत्नी बार-बार बेहोश हो रही है। सुभाष की चार बेटियां और एक बेटा है। बताया जा रहा है कि सुभाष पहले उद्योग विहार की एक गारमेंट कंपनी में काम करता था।

पुलिस कह रही-प्राथमिक जांच में सुसाइड

उद्योग विहार थाना पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। एसएचओ बलराज ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। एजेंट के खिलाफ अभी तक कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।

Tags:    

Similar News