Gurugram Development: गुरुग्राम की बदलेगी तस्वीर, समस्याओं को दूर करने के लिए 800 करोड़ का मिलेगा फंड
Gurugram Development: गुरुग्राम शहर की रंगत बदलने वाली है। नगर निगम ने 800 करोड़ रुपए की लागत से सड़कें, सीवर समेत तमाम समस्याओं का निदान करने की योजना बनाई है।
रोड
Gurugram Development: गुरुग्राम की सड़कें, सीवर और घरों से कूड़ा इकट्ठा करने, मलबे के ढेर को खत्म करने, सड़कों से जानवरों को हटाने जैसी कई समस्याओं से राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए 800 करोड़ रुपए की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। जानकारी के अनुसार, इसके लिए जनवरी 2026 से काम शुरू हो जाएगा।
कहा जा रहा है कि शहरवासी काफी समय से साफ-सुथरी सड़क, सड़कों पर लगे कूड़ों को हटाना, जाम पड़े और ओवरफ्लो हो रहे सीवरों को सही करने, घरों से कूड़ा इकट्ठा करने वाली गाड़ी, सड़कों पर इधर-उधर घूम रहे जानवरों को हटाने जैसी मूलभूत सुविधाओं की मांग कर रहे थे। अब नगर निगम ने इन मांगों पर काम करना शुरू कर दिया है। नगर निगम इन समस्याओं का स्थाई समाधान करने के लिए जनवरी 2026 से काम शुरू करेगा। इसकी रूपरेखा तैयार कर ली गई है। कहा जा रहा है कि आने वाले 4 महीनों में इन समस्याओं का समाधान करने के लिए धरातल पर काम शुरू हो जाएगा।
नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने समाधान के लिए सभी संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में लोगों की समस्याओं का समाधान करने के लिए सख्त हिदायत दी है।
- जलभराव से निपटने के लिए भी खास इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। शहर में जलभराव वाली 153 जगहों की पहचान की गई है। जल निकासी की उचित व्यवस्था के लिए 50 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
- घरों से कूड़ा उठाने के लिए 5 सालों के लिए 400 करोड़ रुपए का बजट आवंटित किया गया है।
- वहीं सड़कों पर लगे कूड़ों को हटाने और उसके निस्तारण करने के लिए 20 से 50 करोड़ रुपए खर्च कर नए प्लांट बनाए जाएंगे।
- 100 करोड़ रुपए की लागत से बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर जमा कचरे का निस्तारण किया जाएगा।
- बागवानी से निकलने वाले कूड़े का निस्तारण करने के लिए 20 करोड़ रुपए की लागत से नया प्लांट बनाया जाएगा।
- टूटी हुई सड़कों की मरम्मत करने के लिए 20 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
- ओवरफ्लो हो रहे सीवर की समस्या को खत्म करने के लिए 20 करोड़ रुपए की लागत लगेगी।
- सड़कों पर घूम रहे जानवरों के लिए गौशालाएं बनाने के लिए 20 से 50 करोड़ रुपए खर्च किए जाने का अनुमान है।
इसके साथ ही नगर निगम घरों में पानी के लगाने का काम जल्द शुरू करने वाला है। अवैध निर्माणों और अवैध विज्ञापनों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।