पूर्व CM भूपेंद्र हुड्डा की बहन का निधन: अंतिम दर्शन के लिए पहुंचने लगे कांग्रेसजन, गुरुग्राम में होगा अंतिम संस्कार

वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं और गुरुग्राम के सेक्टर-33 स्थित आवास पर रहती थीं। निधन की खबर मिलते ही कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं का उनके आवास पर पहुंचना शुरू हो गया।

Updated On 2025-11-25 17:16:00 IST

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की बहन बिमला देवी ने ली अंतिम सांस। 

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपिंद्र सिंह हुड्डा की बड़ी बहन बिमला देवी का मंगलवार को निधन हो गया। वह 78 वर्ष की थीं और पिछले काफी समय से अस्वस्थ चल रही थीं। बिमला देवी परिवार के साथ गुरुग्राम के सेक्टर-33 स्थित द विलाज सोसाइटी के विला नंबर 135 में रहती थीं।

गुरुग्राम में अंतिम संस्कार

बिमला देवी के निधन की खबर मिलते ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का उनके आवास पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को ही कुछ देर बाद झाड़सा स्थित मुक्ति धाम में किया जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंद्र सिंह हुड्डा, उनके बेटे और सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा और परिवार के अन्य सभी सदस्य अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।

बिमला देवी के पति ज्वाइंट कमिश्नर रह चुके हैं

बिमला देवी के पति राजीव चौधरी हरियाणा सरकार में ज्वाइंट कमिश्नर (एक्साइज एंड टैक्सेशन) जैसे महत्वपूर्ण पद पर रह चुके हैं। परिवार से जुड़े लोगों के अलावा राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों से भी कई हस्तियां उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए गुरुग्राम पहुंच रही हैं।

हुड्डा परिवार पर पांच माह में यह तीसरी विपत्ति

यह निधन भूपेंद्र सिंह हुड्डा के परिवार के लिए इस साल आई विपत्तियों की एक कड़ी है। पिछले पांच माह के भीतर हुड्डा परिवार के एक सदस्य का यह तीसरा निधन है, जिसने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। इससे पहले, करीब पांच माह पूर्व पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की भाभी राजवती देवी का 75 साल की उम्र में निधन हो गया था। राजवती देवी, भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बड़े भाई इंदर सिंह हुड्डा की पत्नी थीं। इंदर सिंह राजनीति में सक्रिय नहीं हैं और वे एक जमींदार हैं, जो केवल चुनाव के समय ही भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ सक्रिय दिखाई देते हैं।

जून में चाची ने दुनिया को कहा अलविदा

राजवती देवी के निधन से पहले, 18 जून को भूपेंद्र सिंह हुड्डा की चाची सुप्रभा देवी का भी निधन हुआ था। वे 103 साल की थीं। सुप्रभा देवी के पति (हुड्डा के चाचा) फतेह सिंह का कोई राजनीतिक बैकग्राउंड नहीं था और वे खेती-बाड़ी से जुड़े थे। चाची सुप्रभा देवी अपने बेटे कुलवीर हुड्डा के पास उत्तराखंड के बाजपुर स्थित फार्महाउस में रहती थीं, लेकिन निधन से कुछ दिन पहले ही वह गुरुग्राम में अपने पोते के यहां पहुंची थीं, जहां उनका निधन हुआ।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ। 

Tags:    

Similar News